मथुरा में दोस्त को गोली मारकर फरार चल रहे आरोपी संदीप उर्फ देशा को मथुरा पुलिस ने शनिवार देर रात 11 बजे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। 2 जुलाई को दोस्त को मारी थी गोली सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने बताया कि 2 जुलाई को थाना हाईवे क्षेत्र के खामनी गांव निवासी छोटू को उसके साथी संदीप उर्फ देशा ने गोली मार दी थी। गोली लगने से छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना हाईवे में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। इसके बाद से ही आरोपी फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि संदीप दतिया जाने वाले रास्ते से निकलने वाला है। इस पर थाना हाईवे पुलिस ने चंदा ग्रीन कॉलोनी के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दबोचा गया पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदीप के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। सीओ प्रवीण तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बरामद हथियार के आधार पर भी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Source link
मथुरा में दोस्त को गोली मारने वाला गिरफ्तार:पुलिस के रोकने पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली