नौतपा की भीषण गर्मी के बीच बृहस्पतिवार देर रात उत्तर प्रदेश का मौसम अचानक बदल गया। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। तराई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी यूपी व अन्य कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।आंधी- बारिश से शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री तक नीचे आ गया। बाराबंकी, सीतापुर, कानपुर, हरदोई, मुरादाबाद, बरेली समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।