उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच वाराणसी में कांग्रेस पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बड़ी रणनीति बनाई है. पार्टी ने शहर के 100 वार्डों में बूथ प्रहरी तैनात करने का ऐलान किया है. ये कार्यकर्ता लोगों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याएं जानेंगे और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे.
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि पार्टी काशी के हर नागरिक तक पहुंचना चाहती है. इसी उद्देश्य से जिम्मेदार और सक्रिय कार्यकर्ताओं को बूथ प्रहरी बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि बूथ किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे छोटी लेकिन सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है. चौबे ने कहा- यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन भी मजबूत होगा और जनता की आवाज पहले से अधिक मजबूती के साथ उठाई जा सकेगी.
वकील इंद्रदेव सिंह हत्याकांड में बड़ा फैसला, नोएडा कमिश्नर के पिता के कातिलों को उम्रकैद की सजा
संगठन विस्तार का अभियान भी शुरू
पार्टी नेताओं के मुताबिक, बूथ प्रहरी अभियान के साथ वाराणसी महानगर में व्यापक संगठन विस्तार अभियान भी चलाया जाएगा. इसके तहत नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा और स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की पकड़ मजबूत करने की कोशिश की जाएगी.
आठ विधानसभा सीटों पर INDIA गठबंधन की नजर
वाराणसी जिले में कुल आठ विधानसभा सीटें हैं. यहां INDIA गठबंधन के प्रमुख दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों चुनावी तैयारियों में जुटे हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस वाराणसी में तीन से चार सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, हालांकि अंतिम फैसला गठबंधन के सीट बंटवारे के बाद ही होगा.
कांग्रेस ने दिखाए चुनावी इरादे
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 100 वार्डों में बूथ प्रहरी तैनात करने का फैसला केवल संगठनात्मक कदम नहीं, बल्कि वाराणसी की विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की बढ़ती दावेदारी का भी संकेत है. अब देखना होगा कि INDIA गठबंधन के भीतर सीटों का समीकरण किस दिशा में जाता है और कांग्रेस को वाराणसी में कितनी सीटें मिलती हैं.
खुला राम मंदिर ट्रस्ट का बही खाता! जानें एक साल में कितनी हुई कमाई और कहां हुआ खर्च?