उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है. इस बीच बीजेपी नेता पूजा पाल को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है. उन्हें बीजेपी की नई प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. पूजा पाल ने इस दायित्व के लिए बीजेपी नेतृत्व का आभार जताया है. साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि ईमानदारी से काम करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की कोशिश करूंगी.
उन्होंने कहा, “बीजेपी प्रदेश नेतृत्व ने मुझे प्रदेश उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया है. इस पर मैं उनका हृदय से आभार प्रकट करती हूं. ये दायित्व मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी है. मैं पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों और संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ काम करते हुए, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास करूंगी. पार्टी नेतृत्व के द्वारा मुझ पर विश्वास जताया गया है, इसके लिए मैं उनका पुनः धन्यवाद और आभार व्यक्त करती हूं.”
#WATCH | प्रयागराज, उत्तर प्रदेश: भाजपा नेत्री पूजा पाल ने भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी में उन्हें उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर कहा, “भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने मुझे प्रदेश उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया है। इस पर मैं उनका हृदय से आभार प्रकट करती हूं। ये दायित्व… pic.twitter.com/8GBVRdImFv
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 25, 2026
यूपी में बीजेपी ने की नए पदाधिकारियों की घोषणा
बता दें कि बीजेपी ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए गुरुवार (25 जून) को अपनी प्रदेश इकाई के लिए सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्षों को हटाकर नये पदाधिकारियों की घोषणा की. उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रदेश इकाई में 19 उपाध्यक्ष और आठ महासचिव बनाये गये हैं.
कौन-कौन नेता बने प्रदेश महामंत्री?
इसके मुताबिक पश्चिम, ब्रज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष भी घोषित किए गए हैं. यह सूची पार्टी नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय नेतृत्व के बीच कई दौर के विचार-विमर्श के बाद जारी की गई है. सूची के अनुसार प्रदेश महामंत्री बनाये गये नेताओं में रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी शामिल है.
पूजा पाल के अलावा उपाध्यक्ष पद की किन्हें मिली जिम्मेदारी?
इसके अनुसार, उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त होने वाले नेताओं में पूजा पाल, सुरेश राणा, नीरज सिंह और सत्यपाल सैनी सहित अन्य नेता शामिल हैं. इसके अनुसार सभी छह क्षेत्रीय अध्यक्ष बदल दिये गये हैं. इसके अनुसार जिन लोगों को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है उनमें नवाब सिंह नागर – क्षेत्रीय अध्यक्ष (पश्चिम), पूरन लाल लोधी – क्षेत्रीय अध्यक्ष (ब्रज), राम किशोर साहू – क्षेत्रीय अध्यक्ष (कानपुर), अवधेश द्विवेदी – क्षेत्रीय अध्यक्ष (अवध), अशोक चौरसिया – क्षेत्रीय अध्यक्ष (काशी) और विनोद राय – क्षेत्रीय अध्यक्ष (गोरखपुर) शामिल हैं.
मनीष दीक्षित का पद बरकरार
इसके साथ ही बीजेपी ने मनीष दीक्षित को राज्य मीडिया को-ऑर्डिनेटर के पद पर बरकरार रखा, जिससे यह इस भूमिका में उनका लगातार चौथा कार्यकाल बन गया. दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है, जबकि हिमांशु राज पंडित राज्य सोशल मीडिया समन्वयक के रूप में काम करेंगे. पार्टी नेताओं ने कहा कि नयी टीम अगले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सामाजिक पहुंच का विस्तार करने और अपनी संगठनात्मक मशीनरी को तेज करने के प्रयास को दर्शाती है.
सीएम योगी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को दी बधाई
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि समाजवादी पार्टी के अपने ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) सामाजिक गठबंधन पर लगातार जोर देने के बीच, ये नियुक्तियां विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए की गई हैं. प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के नवनियुक्ति पदाधिकारियों को बधाई दी है.
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ”भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.” उन्होंने कहा, ”पूर्ण विश्वास है कि आप सभी आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने, राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेंगे. आप सभी के सफल कार्यकाल के लिए अनंत मंगलकामनाएं.’’
UP में BJP का NYO-NJD फॉर्मूला, मुकाबला कर पाएगा अखिलेश-राहुल का इंडिया अलायंस? समझें यहां