राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में एसआईटी द्वारा रिपोर्ट सौंपने के बाद 8 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जहां से उन्हें 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. इस मामले में अब एक नया अपडेट सामने आया है. अयोध्या पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के परिवार के लोगों से पूछताछ करने के लिए उनके घर जा रही है.
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मनीष यादव, टिन्नू, अनुकल्प समेत सभी के घरवालों से रविवार (28 जून) को पूछताछ की जाएगी. पुलिस की टीम अभी 8 आरोपियों के घर पहुंच चुकी है. बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम अनुकल्प मिश्रा के घर भी पहुंच चुकी है. रविवार (28 जून) को पुलिस की टीम मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला के घर पर पहुंच चुकी है.
#WATCH | Uttar Pradesh | Ram Mandir donations alleged embezzlement case | As part of the investigation, Police reach the residence of Avinash Shukla in Ayodhya, one of the accused in this case. pic.twitter.com/xi3FNWJ3Zm
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 28, 2026
टिन्नू यादव के घर पहुंची पुलिस
पुलिस टीम अब टिन्नू यादव के घर पहुंच चुकी है. अयोध्या के सीओ टिन्नू के घर में जाने का प्रयास कर रहे हैं. पुलिस द्वारा इन्वेस्टीगेशन की जा रही है. पुलिस की टीम आरोपी के घर की तलाशी ले रही है. आरोपी टिन्नू के घर भारी पुलिस बल पहुंचा हुआ है. पुलि के साथ इस क्षेत्र के लेखपाल भी मौजूद हैं.
मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी
अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गबन का मामला गहराता जा रहा है. विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक जांच में चढ़ावे के प्रबंधन में कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है, जिसके बाद नकदी और बहुमूल्य चढ़ावे की गणना से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अब तक की जांच के अनुसार, चढ़ावे की राशि किस तरह निकाली गई और कुल कितनी रकम का गबन हुआ, इसकी जांच अभी जारी है.
एसआईटी द्वारा कई खामियों के ओर संकेत
हालांकि, एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में चढ़ावे की व्यवस्था से जुड़ी कई बड़ी खामियों की ओर संकेत किया है. सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार नकदी की गिनती के दौरान सुरक्षा गार्ड की तैनाती, गिनती कक्ष में प्रवेश और बाहर निकलने वाले कर्मचारियों की तलाशी तथा चढ़ावे की गिनती से संबंधित सीसीटीवी फुटेज को 180 दिन तक सुरक्षित रखने जैसी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन नहीं किया गया.
मामला सामने आने के बाद चंपत राय का इस्तीफा
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के बीच इस्तीफा दे दिया है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से इस बात की पुष्टि की गई है. सूत्रों ने बताया कि आठ नामित आरोपियों में से कुछ के पास से लगभग 80 लाख रुपये के अलावा कुछ विदेशी मुद्रा भी बरामद की गई है.
लखनऊ में एक और अग्निकांड, कोचिंग सेंटर के बाद कोल्ड स्टोरेज में लगी भयंकर आग; राहत-बचाव कार्य जारी
29 जून तक न्यायिक हिरासत में आरोपी
गिरफ्तार आठों आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लव कुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, राम शंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रामाशंकर उर्फ टिन्नू यादव मंदिर में प्राप्त नकद दान और कीमती सामान की गणना की प्रक्रिया से जुड़े थे. अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर ने बताया कि आरोपियों को बृहस्पतिवार देर रात गिरफ्तार किया गया.
सरकारी वकील के अनुसार, उन्हें विशेष रिमांड मजिस्ट्रेट निवेदिता सिंह की अदालत में पेश किया गया, जहां से 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. अभियोजन अधिकारी के सी वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं.
दोबारा रिमांड की मांग कर सकती है पुलिस
पुलिस सोमवार (29 जून) को आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश करेगी. साथ ही उनकी रिमांड की मांग कर सकती है. मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की चोरी, चोरी की संपत्ति रखने, आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है. बता दें कि सपा के पूर्व विधायक द्वारा 7 जून को राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोप लगाए गए थे. जिसके बाद सपा चीफ अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को उठाया था.
उत्तराखंड में बिजली की मांग ने तोड़ा रिकॉर्ड, दो दिनों में खपत पहुंची 6.5 करोड़ यूनिट के करीब