देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव में 2 जुलाई को रास्ते के विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मंगलवार को तीन महिलाओं सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू, एक लोहे का पाइप और दो डंडे भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अनुज कुमार सिंह, हितेश सिंह उर्फ आर्यन सिंह उर्फ भोलू सिंह, प्रेम सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, गिरिजेश सिंह, गोरख सिंह, रानी देवी, दुर्गावती तथा सुभावती देवी उर्फ प्रभा देवी शामिल हैं। सभी आरोपी नौतन हथियागढ़ गांव के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, छह जुलाई को मुखबिर की सूचना पर बरईपुर खास गांव से विशुनपुर चिरकिहवा जाने वाले तिराहे के पास स्थित पुलिया से सभी आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, लोहे का पाइप और दो डंडे बरामद हुए। यह घटना 3 जुलाई को रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट के बाद सामने आई थी, जिसमें राजू विश्वकर्मा उर्फ चंदन पुत्र स्वर्गीय दशरथ विश्वकर्मा की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर रामपुर कारखाना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में धारा 190 बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना अभी जारी है।
Source link
रास्ते के विवाद में युवक की हत्या:तीन महिलाओं समेत आठ आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद