प्रतापगढ़ में एक सेवानिवृत्त शिक्षक से डेढ़ लाख रुपये की टप्पेबाजी के मामले में दो दिन बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार जांच में जुटी हैं। यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के एसबीआई मुख्य शाखा के पास हुई। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर ढिंगवस निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शिवकुमार खरे ने बुधवार को बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकाले थे। रुपये निकालने के बाद शिवकुमार खरे ई-रिक्शा से पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास स्थित कुंडा बस अड्डे पहुंचे थे। इसी दौरान टप्पेबाजों ने उनके झोले से नकदी पार कर दी। घटना के खुलासे के लिए नगर कोतवाली की दो टीमें, स्वॉट टीम और एक स्पेशल टीम लगातार जांच कर रही है। पुलिस ने बैंक परिसर सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है, लेकिन अब तक टप्पेबाजों की पहचान नहीं हो सकी है। शहर कोतवाल सुभाष यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
रिटायर शिक्षक से डेढ़ लाख की टप्पेबाजी:दो दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, पुलिस की चार टीमें तलाश में जुटीं