शाहजहांपुर में गुरुवार को हुए लाठीचार्ज का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ गांव जाकर लाठीचार्ज से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने पूर्व एमएलसी को घटना की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें लगातार परेशान कर रही है। यह लाठीचार्ज गुरुवार को तब हुआ था, जब ग्रामीणों ने पुलिस चौकी का घेराव किया था। ग्रामीण 9 जून की रात एक साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हुए पुलिस एनकाउंटर को फर्जी बता रहे थे। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी थी। जयेश प्रसाद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि अगर पुलिस उन्हें फिर परेशान करती है तो वे तुरंत उन्हें फोन करें। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी ग्रामीणों के साथ खड़ी है। सपा नेता ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस समय अंग्रेजों से भी ज्यादा जुल्म किया जा रहा है। प्रशासन से लड़ेंगे और उसके बाद कोर्ट जाएंगे… पूर्व एमएलसी ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी को भी गांव से भागने की जरूरत नहीं है और किसी भी निर्दोष को जेल नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें कोई राजनीति नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य इन लोगों की मदद करना है। जयेश प्रसाद ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी (डीएम) को भी इस स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि वह सोमवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी इस घटना से अवगत कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रमुख सचिव गृह से मिलकर अल्टीमेटम देंगे कि यदि दो दिन में न्याय नहीं मिला तो यहां स्थिति उग्र हो सकती है। प्रसाद ने लाठीचार्ज में महिलाओं पर क्रूरतापूर्ण तरीके से लाठी चलाने का भी जिक्र किया। कहा कि इस गांव के लोग उनके परिवार की तरह हैं। उन्होंने बताया कि वह इस प्रकरण में खुद प्रार्थना पत्र लेकर एडीजी से मिलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार को अगर न्याय नही मिला तो उसके बाद हाइकोर्ट में याचिका दायर कराएंगे। उन्होने कहा कि न्याय के लिए हम प्रशासन से लड़ेंगे और उसके बाद कोर्ट जाएंगे ।
Source link
शाहजहांपुर में पूर्व एमएलसी ने ग्रामीणों से की मुलाकात:बोले- शासन के पास इतनी पुलिस नहीं जितनी धरने में भीड़ होगी, न्याय न मिला तो हाईकोर्ट जाएंगे