सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर मंगलवार रात हुए हंगामे की जड़ सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर और उस पर की गई टिप्पणियां बताई जा रही हैं। इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि मामला विधायक आवास पर हुए हमले तक पहुंच गया। पिछले कई दिनों से दोनों पक्षों के बीच तीखी बयानबाजी चल रही थी।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले विधायक महाराजी प्रजापति एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इसी दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति के पैर छूने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। तस्वीर साझा करते हुए कुछ लोगों ने कटाक्ष भरी टिप्पणियां कीं। पोस्ट में सत्ता और प्रभाव को लेकर टिप्पणी की गई। इसके बाद विधायक समर्थकों और पोस्ट साझा करने वाले पक्ष के बीच लगातार जवाबी पोस्ट और टिप्पणियां होने लगीं।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर बहस बढ़ने के साथ दोनों पक्षों के बीच तनातनी भी बढ़ती गई। आरोप है कि एक-दूसरे को खुली चुनौती देने जैसी टिप्पणियां भी की गईं। इसी बीच बड़ी संख्या में लोग उस युवक के घर पहुंचे, जिस पर पोस्ट का समर्थन करने का आरोप था। हालांकि युवक घर पर नहीं मिला। वहां मौजूद परिजनों ने उससे दूरी होने की बात कही।
बाद में कुछ लोगों को जानकारी मिली कि संबंधित युवक विधायक आवास पर मौजूद है। इसके बाद कई लोग आवास विकास कॉलोनी स्थित विधायक आवास पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां युवक को बाहर बुलाने की मांग होने लगी। इसी दौरान माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया।
घटना के बाद देर रात तक इलाके में हलचल बनी रही। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट से लेकर रात में हुई घटनाओं तक हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।