आगरा के कुबेरपुर में हाईवे क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। दो दिनों के भीतर अलग-अलग स्थानों से एक ट्रक और बुलेट मोटरसाइकिल चोरी होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाह क्षेत्र के बिजौली सड़क स्थित महावीर नगर निवासी अवनीश कुमार ने एत्मादपुर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह ट्रक चालक है। बीते दिन वह कुबेरपुर के रेलवे यार्ड से छलेसर की ओर जा रहा था। रास्ते में मां केला देवी ढाबा पर खाना खाने के बाद सर्विस सड़क पर ट्रक खड़ा कर पास में ही एनएस यादव ट्रांसपोर्ट कंपनी पर सो गया। देर रात नींद खुलने पर ट्रक गायब मिला।
पीड़ित के अनुसार ट्रक के कागजात व ड्राइविंग लाइसेंस भी वाहन में ही रखे थे। वहीं, दूसरी घटना अगले दिन मंगलवार को गांव नगला रामबक्स स्थित न्यू मां दुर्गा ढाबा पर हुई। थाना टूंडला क्षेत्र के दया गढ़ी निवासी बाबू पुत्र राधे श्याम की बुलेट मोटरसाइकिल रात करीब साढ़े 10 बजे चोरी हो गई। पीड़ित ने एत्मादपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।एसीपी देवेश कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।