हापुड़ में यूपीएसआईडीसी फेज-3 स्थित मैसर्स सुख स्टील्स फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे फैक्ट्री के शेष हिस्से को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 4:13 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही यूपीएसआईडीसी चौकी से वाटर बाउजर मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए पिलखुआ से दो और हापुड़ से तीन वाटर टेंडर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के साथ रवाना किए गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गाजियाबाद से भी दो वाटर बाउजर मंगाए गए और फायर सर्विस मुख्यालय को सूचना दी गई। शेड नंबर-4 में सीमित रही आग दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेरकर संयुक्त अभियान चलाया और कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग केवल शेड नंबर-4 तक सीमित रही, जिससे फैक्ट्री के अन्य हिस्सों को सुरक्षित बचा लिया गया। आग बुझने के बाद शेड में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया। एक मजदूर की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती रेस्क्यू अभियान के दौरान गुलफाम (50) पुत्र मुंफेद, निवासी ग्राम वांगरौली, जनपद बागपत का शव बरामद हुआ। वहीं शावेज़ (30) पुत्र अब्दुल कलाम, निवासी ग्राम देहरा, थाना धौलाना आग में झुलस गया। उसे दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया था। क्षेत्राधिकारी मुनीश चंद्र ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हापुड़ की स्टील्स फैक्ट्री में आग से एक की मौत:एक झुलसा, दमकल ने आग पर पाया काबू