हाथरस में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला से कथित दुष्कर्म के मामले ने दुखद मोड़ ले लिया। 31 मई की रात पड़ोसी युवक पर रेप का आरोप लगने के बाद गंभीर हालत में भर्ती कराई गई बुजुर्ग महिला ने करीब 35 दिन तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद मंगलवार देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली 80 वर्षीय महिला परिवार में अकेली रहती थीं। पड़ोसियों के अनुसार, आसपास के लोग ही उनकी देखभाल करते थे। आरोप है कि 31 मई की रात पड़ोस में रहने वाले सलमान ने उनके साथ दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह पड़ोस की एक महिला जब उनके घर पहुंची तो बुजुर्ग चारपाई पर असहाय अवस्था में पड़ी थीं और उन्हें ब्लीडिंग हो रही थी। काफी मुश्किल से उन्होंने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पड़ोसियों की शिकायत पर पुलिस पहुंची सूचना मिलते ही हाथरस गेट कोतवाली प्रभारी नितिन कसाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पड़ोसी महिला की तहरीर पर आरोपी सलमान के खिलाफ दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी पत्नी के ननिहाल में रह रहा था। हालांकि आरोपी और उसकी पत्नी ने खुद को निर्दोष बताते हुए फंसाए जाने का दावा किया था। अलीगढ़ से हाथरस तक चला इलाज घटना के बाद गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को पहले अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के बाद हालत में कुछ सुधार होने पर उन्हें हाथरस जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन लगातार उपचार के बावजूद मंगलवार मध्यरात्रि उनकी मौत हो गई। जिस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था, उसका अंत बुजुर्ग महिला की मौत के साथ हुआ। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनेगी अहम आधार महिला की मौत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय अभिलेखों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक कानूनी धाराएं बढ़ाई जाएंगी और विवेचना आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Source link
80 वर्षीय रेप पीड़ित बुजुर्ग महिला की मौत:हाथरस में इलाज के दौरान तोड़ा दम, आरोपी को पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार