Lucknow Aliganj Gaming Zone Coaching Centre Fire Live Updates: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई. सभी शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं इस हादसे की जांच के लिए गठित एसआईटी की टीम ने जांच शुरू कर दी है. बिल्डिंग के कागजात भी टीम ने खंगाले हैं. टीम थोड़ी देर में घटनास्थल पर पहुंचेगी. बताया यह भी जा रहा है कि बिल्डिंग पर बुलडोजर भी चलाया जा सकता है. अभी तक इस मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है और चार अधिकारी सस्पेंड कर दिए गए हैं. सोमवार दोपहर की घटना है यह.
Lucknow Coaching Fire Live: लखनऊ अग्निकांड पर बोले ओम प्रकाश राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने लखनऊ कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना पर कहा, “यह दुखद घटना है. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. सरकार ने मामले को संज्ञान में लिया है. SIT टीम का गठन हुआ है. 7 दिन में रिपोर्ट मांगी गई है. प्रथम दृष्टया जो दोषी पाए गए हैं, उन्हें निलंबित किया गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद जो दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी.”
Lucknow Coaching Fire Live: रोते-बिलखते पहुंचे अनामिका के माता-पिता
लखनऊ अग्नि कांड में 15 लोगों की जान गई, जिसमें से एक अनामिका की भी मृत्यु हुई. जो कि पश्चिम बंगाल की रहने वाली है. उनके माता-पिता मोर्चरी हाउस पहुंच चुके हैं. डेड बॉडी को रिसीव करने के लिए. मां रो रही है बिलख रही है और अपने बेटी को याद करके चिल्ला रही है.
Lucknow Coaching Fire Live: लखनऊ अग्निकांड पर केजीएमयू के प्रोफेसर का बड़ा बयान
लखनऊ अग्निकांड में मारे गए लोगों को लेकर केजीएमयू के प्रवक्ता प्रोफेसर केके सिंह ने कहा कि किसी भी बच्चे की मौत आग से झुलसने की वजह से नहीं हुई. सभी मौतें धुएं से दम घुटने के चलते हुई है. केजीएमयू में फिलहाल दो घायल भर्ती हैं. हमारे पास 22 बच्चे आए थे, जिनमें से पांच मृत अवस्था में ही लाए गए थे. पांच को मामूली चोटें थी. उनको फर्स्ट एड देकर छुट्टी कर दी गई. दो बच्चों को ज्यादा चोट है, वो भर्ती हैं. ये दोनों ऊपर से कूदे थे. बच्ची को ज्यादा चोट नहीं है. बस थाई में चोट है. फ्रैक्चर नहीं है. बच्ची मेंटल ट्रॉमा में है, वो सही हो जाएगी. उसके परिजन गुड़गांव से आए हैं, वो कहेंगे तो बच्ची को डिस्चार्ज किया जा सकता है. परिजन जहां कहेंगे वहां भिजवा दिया जाएगा. जो बच्चा घायल है उसका तीसरी मंजिल से कूदते हुए वीडियो भी वायरल है. उसकी कमर रॉड में घुस गई है, स्पाइनल कॉर्ड में चोट है. वो शॉक में था, रात में सीटी स्कैन कराया गया, गहरी चोट है. चोट की जगह से कमर और उसके नीचे का शरीर सुन्न हो गया है.
Lucknow Coaching Centre Fire Live: मृतक के परिजनों ने की बिल्डिंग मालिक के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की मांग
बिल्डिंग में आग लगने की वजह से कल 15 लोगों की मौत हुई, जिसमें एक युवक निलेश भी था. निलेश के परिजनों ने उन्हें अंतिम विदाई दी. इस दौरान परिजनों ने बताया कि निलेश काफी होनहार था और हमेशा लोगों से सरलता से मिलता-जुलता था. इस दौरान सभी मृतक के परिजनों और आसपास के पड़ोसियों ने बिल्डिंग मालिकों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग की. परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दोषियों पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग की.
Lucknow Coaching Centre Fire Live: लखनऊ के जिस बिल्डिंग में लगी आग, वहां पहुंची FSL और SIT की टीम
लखनऊ अग्निकांड की जांच के लिए एफएसएल और एसआईटी टीम मौके पर पहुंच गई है. साथ ही पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद हैं. बिल्डिंग को पूरी तरह से घेर दिया गया है. इसके अलावा मौके पर बुलडोजर भी पहुंचा हुआ है.
Lucknow Coaching Centre Fire Live: लखनऊ अग्निकांड में मारे गए कानपुर के दो दोस्त
लखनऊ अग्निकांड में मरने वालों में कानपुर शहर के दो युवक भी शामिल हैं. दोनों युवक बिल्डिंग में मौजूद एनिमेशन शॉप में थ्रीडी आर्टिस्ट का काम करते थे. एक ही दुकान में काम करने के कारण दोनों अच्छे दोस्त थे. घटना की जानकारी के बाद दोनों युवकों के परिवार में कोहराम मच गया.
Lucknow Coaching Fire Live: लखनऊ अग्निकांड पर बोले कांग्रेस नेता शशि थरुर
लखनऊ अग्निकांड की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता शशि थरुर ने कहा कि यह बहुत दुखद है. हमारे देश में अगर हम अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करेंगे तो ऐसा होगा. दिल्ली में भी दो हफ्ते पहले यही हुआ था. यह बहुत दुखद है.
Lucknow Coaching Centre Fire Live: आदित्य का शव पहुंचा सीतापुर
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड में मृत आदित्य का शव देर रात उनके घर पहुंचा. घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है. घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है. सरकार से परिवार वालो को आर्थिक मदद देने की मांग की गई. लोगो ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. बिसवां कैथी टोला का रहने वाला था आदित्य.
Lucknow Fire Live: जिस बिल्डिंग में लगी थी आग, उसपर हो सकता है बुलडोजर एक्शन
अलीगंज अग्निकांड वाली इमारत पर हो सकता बुल्डोजर एक्शन. एसआईटी टीम घटनास्थल पर कुछ देर में पहुंच रही है. नियमानुसार कार्रवाई के बाद हो सकता बुल्डोजर एक्शन.
Lucknow Coaching Fire Live: लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में कई प्रतिष्ठान सील
लखनऊ हादसे के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण ने सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्ती तेज कर दी है. KDA ने 22 जून 2026 को शहर के कोचिंग संस्थानों और कमर्शियल प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. जोन-1A में 3, जोन-2B में 5, जोन-3 में 3 और जोन-4 में 5 प्रतिष्ठानों को सील किया गया. प्राधिकरण के मुताबिक पहले चरण के लिए कुल 22 और प्रतिष्ठानों की पहचान कर ली गई है. KDA ने कहा कि अवैध बेसमेंट संचालन, सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों की पहचान, सीलिंग और अन्य कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
Lucknow Coaching Centre Fire LAIVE: लखनऊ अग्निकांड में कूदकर जान बचाने वाले जयंत ने कहा- अंदर हालात बहुत भयावह थे
बिल्डिंग से कूद कर अपनी जान बचाने वाले घायल चश्मादीद जयंत ने News 18 से बातचीत करते हुए बताया कि फायर अलार्म और ऐसी कोई भी सुविधा बिल्डिंग के भीतर नहीं थी. बिल्डिंग से कूदे जयंत ने अपनी जान तो बचा ली. लेकिन अंदर के भयावह हालातों के बारे में भी न्यूज़ 18 इंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत की. जयंत ने बताया कि अंदर हालत बद से बदतर थे. धीरे-धीरे धुआं अंदर की तरफ जा रहा था. फायर एक्सटिंग्विशर तो लगे थे. लेकिन उनको चलाया नहीं जा सका, जिसके बाद वो बिल्डिंग से कूद गए. फिलहाल जयंत दिल्ली चले गए हैं उनके मां-बाप ने उनको वापस बुला लिया है.
Lucknow Coaching Fire LIVE: लखनऊ अग्निकांड की जांच में जुटी SIT
एसआईटी की टीम ने तलब किए बिल्डिंग से संबंधित दस्तावेज. एसआईटी की टीम दस्तावेजों को लेकर कर रही जांच. कुछ देर में एसआईटी की टीम पहुंचेगी घटनास्थल पर. घटनास्थल पर पड़ताल करेगी एसआईटी की टीम.
Lucknow Coaching Centre Fire News: लखनऊ अग्निकांड की FIR में खुलासा
लखनऊ अग्निकांड को लेकर दर्ज की गई एफआईआर में लिखा है कि घटना 22 जून 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे लखनऊ के सेक्टर D कॉलोनी में स्थित मकान नंबर 2813 (लालबत्ती पुरनिया चौराहा के पास, यूपीएससी भवन के पीछे) में घटित हुई. यह एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत है, जिसके भूतल और प्रथम तल पर ‘पेट शॉप एण्ड क्लीनिक’ संचालित थी, द्वितीय तल पर वीडियो गेमिंग जोन व 3डी एमिशन था, और तृतीय तल पर आईटी नेटवर्किंग का ऑफिस चल रहा था. घटना के समय इसी पेट शॉप और क्लीनिक से अचानक आग की शुरुआत हुई, जो देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग में फैल गई. आग लगने की वजह से पूरी इमारत के अंदर और सभी कमरों में अत्यधिक मात्रा में जहरीला धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों का दम घुटने लगा. धुएं और आग की लपटों से घिरने के कारण लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर बिल्डिंग से नीचे कूदने लगे, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कई लोग दम घुटने व झुलसने के कारण बेहोश हो गए. स्थानीय पुलिस, फायर फाइटर्स, एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और राहत व बचाव कार्य शुरू किया. इस हादसे में कुल 15 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई.
Lucknow Coaching Fire News Live: 13 मृतकों के शवों को परिजनों को सौंपा गया
लखनऊ में बिल्डिंग में आग लगने से 15 लोगों की मौत. मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस लाया गया. मोर्चरी हाउस से पोस्टमार्टम के बाद लगभग 13 डेड बॉडी को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल तीन डेड बॉडी ऐसी हैं, जो अन्य प्रदेश की है, जिसमें एक डेड बॉडी मध्य प्रदेश की है. दूसरी डेड बॉडी उत्तराखंड की है. तीसरी डेड बॉडी को वेस्ट बंगाल की है. प्रशासन का कहना है कि अभी इन 3 डेड बॉडी के परिजन रास्ते में हैं. परिजनों के पहुंचते ही डेड बॉडी उनको दे दी जाएगी.
Lucknow Coaching Fire News Live: लखनऊ कोचिंग हादसे पर बीजेपी विधायक ने जताया दुख
लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में लगी आग से 14 से 15 बच्चों की दर्दनाक मौत पर भाजपा विधायक केतकी सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है. बलिया की बांसडीह से बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और भयावह है तथा इस पर किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने मृतक बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे परिजनों के साथ खड़ी हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और वे स्वयं मौके पर पहुंच चुके थे. उन्होंने आश्वस्त किया कि इस हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Lucknow Coaching Centre Fire News Live: छत पर जाने का दरवाजा था बंद
लखनऊ अग्निकांड के चश्मदीदों ने बताया कि छत पर जाने के लिए जो रास्ता था, वहां एक दरवाजा लगा हुआ था, जिसपर ताला लटका हुआ था. साथ ही यह भी बताया कि कुछ बच्चों ने वॉशरूम में छिपकर अपनी जान बचाई है.
Lucknow Coaching Fire News Live: कैसे बिल्डिंग के मालिक ने नियमों की खामियां का उठाया फायदा
बिल्डिंग के मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला ने नियमों की खामियों का फायदा उठाया. मानकों के खिलाफ़ रिहायशी इलाके में बनाया कमर्शियल कॉम्प्लेक्स. 15 मीटर की हाईट और 500 वर्ग मीटर की बिल्डिंग को फायर एनओसी नहीं लेने की जरूरत नहीं होती है. इसी शर्त का फायदा उठा कर बिल्डिंग मालिक ने कमर्शियल इस्तेमाल शुरू कर दिया. इसीलिए बिल्डिंग मालिक ने फायर एनओसी एप्लाई ही नहीं किया. 10 साल पहले ये बिल्डिंग ध्वस्त करने का आदेश भी जारी हुआ था. ये 10 साल पुरानी बिल्डिंग है. तीन साल से इसमें कोचिंग संस्थान चल रहे हैं. सड़क की तरफ बना बिल्डिंग का ग्लास एलिवेशन था पेट्रो केमिकल का बना था जिसके चलते आग तेज़ी से भड़की. वहीं पर पशुओं के खाने का सामान और फर्नीचर रखा था. एक ही सीढ़ी थी जो छत पर नहीं जा रही थी. एक ही रास्ता था निकलने का था लिहाज़ा कुछ बच्चे ऊपर से नीचे कूदे.
Lucknow Coaching Fire News Live: दो घायलों का अभी केजीएमयू में चल रहा है इलाज
अलीगंज अग्निकांड में दो घायलों का अभी केजीएमयू में चल रहा है इलाज. बुरी तरह से घायल जयंत का क्रिटिकल केयर यूनिट में चल रहा है इलाज. लवप्रीत केजीएमयू ग्राउंड फ्लोर पर भर्ती है.
Lucknow Coaching Fire News: कानपुर में कई कोचिंग हुए सील
लखनऊ में एक बिल्डिंग में आग लगने के बाद हुए दर्दनाक हादसे में जहां 15 लोगों की मौत हो गई तो वहीं इस घटना के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) हरकत में आ गया है. सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए KDA ने देर रात शहर में विशेष अभियान चलाया. जोन प्रभारी बृजेश यादव के नेतृत्व में KDA की कई टीमों ने काकादेव कोचिंग हब समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध रूप से बेसमेंट में संचालित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की. अभियान के दौरान नियमों के विपरीत चल रहे कई कोचिंग सेंटरों को सील किया गया.
Lucknow Coaching Centre Fire Live: अभी भी तप रही है बिल्डिंग, जहां लगी थी आग
लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में लगी आग को बुझे हुए घंटों हो गए हैं. लेकिन अभी भी बिल्डिंग में तपन है. धुआं निकाल रहा है और फायर डिपार्टमेंट कूलिंग का काम कर रहा है. आपको बता दें की अगर हमारा सिस्टम सही समय पर जाग जाता तो इतनी जान नहीं जाती. लापरवाही LDA की है, लापरवाही फ़ायर डिपार्टमेंट की है और खामियाजा माता पिता भुगत रहे हैं.