लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार (22 जून) दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया. जिस इमारत में आग लगी वहां का इलाका सबसे व्यस्त और प्रमुख स्थानों में गिना जाता है. आसपास कोचिंग संस्थान, स्कूल, दुकानें और रिहायशी मकान बड़ी संख्या में मौजूद हैं. दोपहर के समय यहां आमतौर पर छात्रों और स्थानीय लोगों की काफी आवाजाही रहती है. ऐसे में आग लगने की घटना ने कुछ ही मिनटों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया.
हादसे के समय इमारत में 25 से ज्यादा लोग मौजूद थे
जानकारी के मुताबिक, 3 मंजिला इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप संचालित हो रही थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कोचिंग सेंटर, एनीमेशन स्टूडियो और गेमिंग जोन चल रहे थे.
‘ये बेहद दुखद घटना, कारणों की ईमानदारी से जांच हो’, लखनऊ अग्निकांड पर बोले अखिलेश यादव
घटना के समय इमारत के भीतर 25 से ज्यादा छात्र, कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद थे. आग लगते ही पूरे भवन में धुआं भर गया, जिससे लोगों के बाहर निकलने का रास्ता प्रभावित हो गया और अफरा-तफरी मच गई.
जान बचाने के लिए लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलने लगी तो कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए. हालात ऐसे बन गए कि कुछ छात्रों और युवाओं को अपनी जान बचाने के लिए ऊंचाई से नीचे कूदना पड़ा.
वहीं कई लोगों ने भवन के बाहरी हिस्से में लगी पाइप और अन्य सहारों का इस्तेमाल कर नीचे उतरने की कोशिश की. आसपास मौजूद लोगों ने भी फंसे लोगों की मदद करने का प्रयास किया.
शिक्षा के हब में हुई त्रासदी
अलीगंज का पुरनिया क्षेत्र लखनऊ के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में शामिल माना जाता है. यहां बड़ी संख्या में छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य कोर्सों की तैयारी के लिए आते हैं. इसी वजह से दिनभर इलाके में छात्रों की भीड़ रहती है. जिस इमारत में आग लगी, वहां भी पढ़ाई और प्रशिक्षण से जुड़े संस्थान संचालित हो रहे थे, इसलिए हादसे के समय कई छात्र अंदर मौजूद थे.
लखनऊ अग्निकांड पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने जताया दुख, बोलीं- ये दिल तोड़ने वाली घटना
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. घंटों तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से राहत कार्य की जानकारी ली. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.