पीलीभीत जिले में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान शाहजहांपुर निवासी नाथूलाल (45) के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना 21 जून की है। शाहजहांपुर जिले के ग्राम जिंदपुर निवासी 45 वर्षीय नाथूलाल मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। परिजनों ने बताया कि मानसिक परेशानी के कारण वे घर से निकलकर पैदल ही पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र पहुंच गए थे। 21 जून को बीसलपुर थाना चौराहे पर सड़क पार करते समय एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नाथूलाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीलीभीत के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान नाथूलाल की मौत हो गई। बीसलपुर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार शुक्ला ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई है, जिसकी पहचान शाहजहांपुर निवासी नाथूलाल के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे ढूंढ निकाला जाएगा।
Source link
पीलीभीत में अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत:शाहजहांपुर का रहने वाला था, इलाज के दौरान दम तोड़ा