हापुड़ जिले में बुधवार को अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने एक बड़ा अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और पिलखुवा क्षेत्र के कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी का फायर ऑडिट किया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन की सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक लाइसेंसों की गहन जांच की गई। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 13 संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान संस्थान संचालकों और कर्मचारियों को आग से बचाव के उपायों, अग्निशमन यंत्रों के सही संचालन और आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकासी के बारे में प्रशिक्षित किया गया। सभी संस्थानों को यह भी निर्देश दिए गए कि वे अपने अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखें, पर्याप्त निकास मार्ग सुनिश्चित करें और आपात स्थिति में तुरंत फायर स्टेशन को सूचित करें।
हापुड़ नगर क्षेत्र में स्टूडियोज लाइब्रेरी, इंग्लिश मास्टर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोकन इंग्लिश, नॉलेज जंक्शन लाइब्रेरी, कामयाबया कोचिंग सेंटर, विद्यार्थी क्लासेस, द स्मार्ट स्टडी प्वाइंट, मधुसूदन लाइब्रेरी, माइंड स्पेस लाइब्रेरी, मोहित क्लासेस, एबीसी इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन, नेटवर्क कंप्यूटर एजुकेशन, एसएनआईएमएस इंस्टीट्यूट एंड मेडिकल रिसर्च, इंडियन कोचिंग सेंटर, विराज क्लासेस, जेडनेट कंप्यूटर एजुकेशन, गेम पार्लर स्पोर्ट्स क्लब, पुलकित नागर कोचिंग सेंटर और ओम लाइब्रेरी सहित कई संस्थानों का निरीक्षण किया गया। गढ़मुक्तेश्वर और पिलखुवा में भी विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था का अभाव था, पर्याप्त निकास मार्ग नहीं थे, बेसमेंट में संचालन हो रहा था अथवा आवश्यक लाइसेंस और पंजीकरण उपलब्ध नहीं थे, उन्हें सील कर दिया गया। सील किए गए संस्थानों में एबीसी इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन, इंडियन कोचिंग सेंटर, यूपी-37 क्लासेस, नॉलेज जंक्शन लाइब्रेरी, गेम पार्लर स्पोर्ट्स क्लब, ओम लाइब्रेरी, पुलकित नागर क्लासेस, पिनाका कोचिंग सेंटर, गीता स्टडी सेंटर (ग्राउंड एवं प्रथम तल), रेजुलेशन कोचिंग सेंटर, विपुल कोचिंग सेंटर और टॉपर लाइब्रेरी शामिल हैं। सीएफओ ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
हापुड़ में 13 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी सील:फायर ऑडिट में अग्नि सुरक्षा, निकास मार्ग और लाइसेंस में मिली खामियां