विकासनगर में देहरादून पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है. इस मामले में हरियाणा के 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने शराब से भरे एक वाहन को भी सीज कर दिया है. आरोपियों के पास से करीब 35 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं.
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में नशे और अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस इलाके में वाहनों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान पोंटा साहिब की ओर से आ रहा एक वाहन पुलिस को संदिग्ध लगा. पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें बैठे लोगों से पूछताछ शुरू की.
राम मंदिर के बाद अब बदरी-केदार मंदिर समिति में भी भ्रष्टाचार का आरोप, RTI में हुआ बड़ा खुलासा
सवाल पूछते ही घबरा गए आरोपी
वाहन में सवार तीनों लोगों ने अपनी पहचान जय सिंह, अमित कुमार और मंजीत के रूप में बताई. जब पुलिस ने वाहन में रखे सामान के बारे में जानकारी मांगी तो तीनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. उनके हाव-भाव देखकर पुलिस का शक और बढ़ गया. इसके बाद वाहन की अच्छी तरह तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान वाहन से 9 वन मेक चंडीगढ़ मार्का व्हिस्की की कुल 120 पेटियां बरामद हुईं. इसके अलावा करीब 35 हजार रुपये नकद भी मिले. पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को जब्त कर लिया. आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
हरियाणा के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जय सिंह और अमित कुमार हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी मंजीत चरखी दादरी जिले के सऊवास गांव का निवासी है.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था. साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
Chamoli News: उत्तराखंड में कुदरत का कहर! चमोली में मलबे में दबीं गाड़ियां, IMD का यलो अलर्ट जारी
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
इस कार्रवाई को कुल्हाल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, कांस्टेबल राजकुमार और होमगार्ड मनोज कुमार की टीम ने अंजाम दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.