प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दो दिवसीय दौरे के बीच रविवार को रुद्राक्ष होटल से कुछ दूरी पर काफिले को ब्राह्मण समाज ने काला झंडा दिखाकर विरोध जताया। इस दौरान वहां मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध कर रहे लोगों को घेर लिया। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अखिलेश यादव एयरपोर्ट से समर्थकों के काफिले के साथ रुद्राक्ष होटल पहुंचे थे। होटल के बाहर पहले से ही बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान तीन-चार लोग काला झंडा लेकर सामने आ गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि वे ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित बयानबाजी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अखिलेश यादव गो बैक के नारे भी लगाए। नारेबाजी होते ही सपा कार्यकर्ता और विरोध कर रहे लोगों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई । मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने विरोध कर रहे लोगों को भीड़ से बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ देर तक होटल के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से मामला शांत हो गया। घटना के दौरान अखिलेश यादव का काफिला सुरक्षा घेरे में होटल के भीतर पहुंच गया। जहां उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पार्टी नेताओं से मुलाकात की और बाद में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। विरोध कर रहे लोगों ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वे ब्राह्मण समाज की भावनाओं के आहत होने के विरोध में काला झंडा दिखाने पहुंचे थे। हालांकि, अखिलेश यादव द्वारा स्वयं ब्राह्मण समाज के खिलाफ किसी विवादित बयान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। होटल परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई, ताकि अखिलेश यादव का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
Source link
प्रयागराज में अखिलेश यादव को दिखाया काला झंडा:ब्राह्मण समाज ने किया विरोध, रुद्राक्ष होटल के बाहर लगाए गो बैक के नारे