उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने रविवार (05 जुलाई) को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुला पत्र लिखते हुए उनके कार्यकर्ताओं, विधायकों और जनप्रतिनिधियों पर अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों पर अत्याचार, जमीन कब्जा और हत्याओं का आरोप लगाया है.
असीम अरुण ने लिखा कि आखिर सुशील और संतोष गौतम का क्या कसूर था? बस यही कि आपके कब्जा करने की सोच रखने वाले विधायक के आगे वे नहीं झुके. उन्होंने पूछा कि क्या जो आपके आगे नहीं झुकेगा, उसकी हत्या कर दी जाएगी?
मंत्री असीम अरुण ने अपने एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव को लिखा है कि उनके अहंकारी और अराजक कार्यकर्ता आए दिन अनुसूचित जाति के लोगों की जान ले रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ता अनुसूचित जाति लोगों की जमीन पर कब्जा करने, मारपीट करने और हत्या करने की घटनाओं में लगे हुए हैं.
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- ‘गैर यादव पिछड़ों की अनदेखी…’
प्रयागराज हंडिया घटना का जिक्र
मंत्री ने विशेष रूप से प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र की घटना का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि 22 दिनों के अंदर एक अनुसूचित जाति परिवार के दो सगे भाइयों सुशील कुमार गौतम और संतोष कुमार गौतम की हत्या कर दी गई. दोनों की लाश फंदे से लटकी मिलीं. परिवार ने हंडिया के सपा विधायक हाकिम लाल बिंद पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है.
सपा विधायक हाकिम लाल बिंद पर दर्ज है FIR
हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा गांव में सुशील कुमार गौतम (32 वर्ष) का शव 3 जुलाई को फंदे से लटका मिला. लगभग 22 दिन पहले उनके छोटे भाई संतोष कुमार की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सपा विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज की है.
‘दलितों को कीड़ा-मकौड़ा समझते हैं सपा कार्यकर्ता’
असीम अरुण ने अखिलेश यादव से कहा है कि वे अपने कार्यकर्ताओं पर लगाम लगाएं. उन्होंने सपा की पुरानी नारेबाजी ‘जर, जोरू और जमीन हमारी है’ का जिक्र करते हुए कहा कि सपा कार्यकर्ता अनुसूचित जाति को ‘कीड़ा-मकौड़ा’ समझते हैं. उन्होंने पूछा कि आखिर कब तक आपके कार्यकर्ता अनुसूचित जाति के लोगों पर अत्याचार करते रहेंगे? कब तक उनकी जमीन पर कब्जा होता रहेगा? कब तक मारपीट और हत्याएं होती रहेंगी?
मंत्री ने ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ का उल्लेख करते हुए कहा कि अभी भी सपा के लोग दमनकारी सोच रखते हैं.
यूपी चुनाव को लेकर नितिन नवीन ने की एक दिन में 3 अहम बैठक, मिशन-27 को लेकर नेताओं के साथ मंथन