बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण और बड़े प्रोजेक्ट्स से संबंधित निविदाओं (टेंडर्स) की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है। इस संसोधन के बाद अब सभी इच्छुक एजेंसियां और फर्में आगामी 29 जुलाई की दोपहर तीन बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकेंगी। इसके ठीक आधे घंटे बाद, यानी उसी दिन दोपहर साढ़े तीन बजे इन निविदाओं को खोला जाएगा।
प्राधिकरण की ओर से जिन प्रमुख और बड़े प्रोजेक्ट्स की समयसीमा बढ़ाई गई है, उनमें नई औद्योगिक टाउनशिप के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शामिल है। इसके साथ ही, रामगंगा नगर सेक्टर-8 में बनने वाले हाई-टेक साइंस पार्क एवं प्लेनेटोरियम की स्थापना, और शहर की शान बढ़ाने वाले मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व कल्याण सिंह कन्वेंशन सेंटर के अगले 30 वर्षों तक संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपने की प्रक्रिया भी इसमें शामिल है।