Last Updated:
Etah News: यूपी के एटा में सनसनीखेज वारदात! अवागढ़ के मीसाकलां गांव में दोस्तों के साथ देशी शराब पीने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक है. परिजनों ने पुरानी रंजिश में शराब में जहर मिलाने का आरोप लगाया है. मौके से पुलिस को टेट्रा पाउच मिला है. शराब जहरीली थी या कोई गहरी साजिश? पुलिस और आबकारी विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तीसरे दोस्त के होश में आने का इंतजार कर रहे हैं.
साथ बैठकर पी देशी शराब, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, तीसरा अस्पताल में भर्ती (फोटो-AI)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अवागढ़ थाना क्षेत्र के मीसाकलां गांव में दोस्तों के साथ बैठकर देशी शराब पीना दो लोगों के लिए काल बन गया. शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों दोस्तों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दो की तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत नाजुक बनी हुई है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सुबह शराब पीते ही बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह मीसाकलां गांव के रहने वाले राकेश (50), नरसिंहपाल (57) और रंजीत गांव के बाहर मिलकर देशी शराब पी रहे थे. शराब पीने के दौरान ही अचानक तीनों अचेत होकर गिर पड़े. जब परिजनों को इसकी खबर मिली, तो वे ग्रामीणों की मदद से तीनों को तुरंत अवागढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले गए. डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए तीनों को आगरा रेफर कर दिया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने राकेश और नरसिंहपाल को मृत घोषित कर दिया. तीसरे दोस्त रंजीत का इलाज चल रहा है.
पुरानी रंजिश या जहरीली शराब?
मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से पुलिस को देशी शराब का एक टेट्रा पाउच बरामद हुआ है.
जांच में जुटी पुलिस और आबकारी टीम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह शराब कहां से खरीदी गई थी, इसकी जांच की जा रही है ताकि उस दुकान के अन्य टेट्रा पैक के सैंपल लिए जा सकें. पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि शराब पहले से जहरीली थी या फिर रंजिश के तहत बाद में उसमें कुछ मिलाया गया था. पुलिस के अनुसार, अस्पताल में भर्ती रंजीत की हालत सुधरने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, जिससे मौत के इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें