उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विशेष संयुक्त सफाई अभियान शुरू किया है. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर अभियान में मैकेनिकल स्वीपिंग, मैनुअल स्वीपिंग, फुटपाथ सेंट्रल वर्ज की सफाई, मलबा व धूल उठाने, सड़कों पर पानी का छिड़काव के साथ ही 8 दिन दोबारा सफाई करायी जाएगी. यह अभियान 11 जुलाई तक चलेगा.
वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाने का काम शुरू हो गया है. विशेष अभियान के तहत ग्रेनो ईस्ट व वेस्ट की 37 सड़कों की सफाई कराई जाएगी. इस अभियान से लोगों को भी काफी राहत मिलेगी.
इन सड़कों पर होगा काम
ये सड़कें एपेक्स कोर्ट सोसाइटी से एसकेए ग्रीन सोसाइटी तक, एपेक्स कोर्ट से एस्टेक सोसाइटी तक, एलिट एक्स ग्रुप से सिक्का ग्रीन तक, सीवीटेक सोसाइटी से एल्डिको सोसाइटी तक, जीएनआईडीए फ्लैट से आयरिश प्लैटिनम सोसाइटी तक, ईकोटेक 12 की आंतरिक सड़कें, सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल से सर्वोत्तम स्कूल, सेक्टर 2 की आंतरिक सड़कें, हनुमान मंदिर से हिंडन ब्रिज, राइस पुलिस चौकी से चार मूर्ति, 130 मीटर रोड और सूरजपुर एंट्री पॉइंट से कासना टी पॉइंट तक समेत अन्य शामिल है.
गड्ढों को भी सुधारा जाएगा
विशेष अभियान के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ प्रबंधक स्वास्थ्य राजेश गौतम ने बताया कि सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, मैन्युअल क्लीनिंग, फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज की सफाई, मलवा और धूल उठाने, वॉटर स्प्रिंकलर और वॉटर टैंकर से रोड की सफाई की जाएगी. सड़क पर गड्ढे हैं तो उन्हें भी रिपेयर किया जाएगा. वीरवार को एपेक्स कोर्ट से एस्टेक सोसाइटी तक, एलिट एक्स ग्रुप से सिक्का ग्रीन तक की सड़कों की सफाई की गई.
सड़कों को साफ रखने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा. इससे शहर में वायु गुणवत्ता में सुधार होगा और धूल और प्रदूषण से राहत मिलेगी. साथ ही निगरानी भी जारी रहेगी.