देश में ईंधन की खपत को संयमित तरीके से इस्तेमाल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से बड़ी गाड़ियों के सीमित इस्तेमाल को लेकर ठोस अपील की है. जहां देश के नेताओं मंत्री से लेकर अधिकारियों द्वारा अपने काफिले को सीमित करके इंधन बचत का संदेश दिया जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ वाराणसी पहुंचे नवनिर्वाचित मंत्री हंसराज विश्वकर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ. जिसमें वह भारी काफिले के साथ अपने गृह जनपद वाराणसी पहुंचते नजर आ रहे थे. इस दौरान उनके समर्थकों द्वारा जोरदार स्वागत किया जा रहा था.
वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी मंत्री अब विपक्ष के निशाने पर आ गये हैं. ये हाल तब है जब सब बड़े नेता इन दिनों सतर्क हैं, लेकिन आम लोगों में इसका विपरीत असर जाना तय है. इस बारे में अभी बीजेपी के सीनियर नेताओं का भी बयान नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: डिजिटल जनगणना में CM योगी ने भरा ऑनलाइन फॉर्म, बोले- ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’
जब काफिले के साथ वाराणसी पहुंचे भाजपा के मंत्री
हाल ही में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट विस्तार में मंत्री बनाए गए हंसराज विश्वकर्मा अपने काफिले के साथ वाराणसी पहुंचे. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, हालांकि इसको लेकर जब उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे विपक्ष का भ्रामक प्रचार बताया. और कहा की हम लोग प्रधानमंत्री जी और मुख्यमंत्री जी के बात की कभी भी अवहेलना नहीं कर सकते. उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है. अभी पांच राज्यों में चुनाव जीताकर लोग आए है. अगर आप बनारस में थोड़ी देर भी रुक जाएंगे तो वहां जाम लगता है गाड़ियों का काफिला दिखता है.
इसके बाद मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा की जितना हो सके बैटरी वाले साधन का इस्तेमाल करिए, साइकिल से चलिए दूर यात्रा के लिए ट्रेन का इस्तेमाल करिए. और दूसरी बात की मैं 10 साल तक अध्यक्ष रहा और जब मंत्री बनकर आया तो कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा और जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और उसी को इन लोगों ने दिखा दिया तो मैं इसे नहीं मानता.
विपक्ष ने भी काफिले पर साधा निशाना
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए भाजपा से नवनिर्वाचित मंत्री हंसराज विश्वकर्मा पर जमकर निशाना साधा. हंसराज विश्वकर्मा न सिर्फ भारतीय जनता पार्टी से वाराणसी के जिला अध्यक्ष , MLC और राज्य मंत्री हैं बल्कि जनपद में उनका जमीनी नेता के तौर पर पहचान है.