सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया के जरिए सुनील कुमार मौर्या नाम के युवक से हुई थी. आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर कई वर्षों तक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए.
अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाएंगे अखिलेश यादव, कहा- रामनगरी में गोरखधंधा चल रहा है
पीड़िता का कहना है कि जब वह गर्भवती हुई तो आरोपी उसे नोएडा ले गया. वहां शादी का भरोसा देकर उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी जानकारी के बिना गर्भपात से जुड़ी दवा दी गई और 27 मई को एक निजी अस्पताल में उसका गर्भपात करा दिया गया.
शादी की बात करने पर करता था मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि गर्भपात के बाद जब उसने शादी की बात की तो आरोपी और उसके परिवार के लोगों ने उससे मारपीट की. इतना ही नहीं, उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित भी किया गया. इसके बाद पीड़िता ने ओबरा थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ-साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
‘इंद्रेश कुमार कौन हैं जो यह तय करेंगे…’, RSS नेता के बयान पर भड़की समाजवादी पार्टी
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ओबरा स्थित शारदा मंदिर के पास से आरोपी सुनील कुमार मौर्या को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया.
पुलिस का कहना है कि जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराध और अन्य गंभीर मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है. ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.