उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में थाना चोपन क्षेत्र के गांव मीतापुर में आज उस समय चीख-पुकार मच गयी, जब यहां सोन नदी में शादी की रस्म की दौरान नहाते समय दो किशोर गहरे पानी में डूब गए, जबकि एक युवक पुलिस से डरकर नदी में डूब गया. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस प्रशासन और गोताखोरों की टीम पहुंची और डूबे तीनों की तलाश शुरू की.
मौके पर भारी भीड़ जमा है, जिसे नियंत्रित करने के लिए ही पुलिस ने थोड़ी सख्ती की थी. इस दुर्घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है.
क्या है पूरा घटनाक्रम ?
जानकारी के मुताबिक, चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर ग्राम पंचायत स्थित सोन नदी में उस समय चीख-पुकार मच गई जब शादी के बाद होने वाली पारंपरिक स्नान की रस्म के दौरान परिवार के लोग नदी में उतरे हुए थे. परिजनों के अनुसार नहाने के दौरान वीरभद्र उर्फ बोलबम पुत्र लोधी (16वर्ष), सन्दीप पुत्र रविन्द्र निषाद (18वर्ष) व दीपक पुत्र भगवान दास (9वर्ष) अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए. आसपास मौजूद महिलाओं और परिजनों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.
यह भी पढ़ें: यूपी के गाजियाबाद में पहचान छिपाकर रिश्ते का आरोप, बच्ची के जन्म के बाद सामने आई सच्चाई
स्थानीय गोताखोरों ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, ग्रामीण और आसपास के लोग बड़ी संख्या में नदी तट पर पहुंच गए. कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया. स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में दोनों किशोरों की तलाश शुरू की गई लेकिन काफी देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका.
भीड़ नियंत्रण के दौरान एक युवक डूबा
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इसी अफरा-तफरी के बीच लोग नदी के रास्ते बाहर निकलने लगे और इसी दौरान सन्दीप पुत्र रविन्द्र (18वर्ष) युवक गहरे पानी में समा गया. इसके बाद लापता लोगों की संख्या बढ़कर तीन हो गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की चिंता और बढ़ गई.
लगातार सर्च ऑपरेशन जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई. एडिशनल एसपी, पुलिस फोर्स, पीएसी के जवान और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी में जुट गए. वहीं एनडीआरएफ को भी सूचना भेजी गई है. नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तीनों युवकों की तलाश की जा रही है.
सोन नदी किनारे मातम और बेचैनी का माहौल है. परिजनों की निगाहें राहत एवं बचाव दलों पर टिकी हैं, जबकि प्रशासन लापता युवकों को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास करने का दावा कर रहा है. फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है.