Last Updated:
भारतीय रेलवे ने UP, MP, राजस्थान, महाराष्ट्र के लिए 3 नई ट्रेनें शुरू कीं. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने टनकपुर-नांदेड, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई.
तीन ट्रेनें शुरू की गयी हैं.
नई दिल्ली. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के शहरों के लोगों को राहत देने के लिए भारतीय रेलवे ने तीन नई ट्रेन की शुरुआत की है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और अजय टम्टा की मौजूदगी में टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा के शाहजहांपुर तक एक्सटेंशन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस शुरू की गई हैं. वहीं, टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन को अब शाहजहांपुर तक बढ़ा दिया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.
नई टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस उत्तराखंड को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई प्रमुख शहरों से सीधे जोड़ेगी. इससे धार्मिक यात्रियों, पर्यटकों और आम यात्रियों का सफर पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगा. खासतौर पर नांदेड स्थित तख्त श्री हजूर साहिब जाने वाले सिख श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह ट्रेन केवल एक रेल सेवा नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु बनेगी. वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस से धार्मिक पर्यटन के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
रेल मंत्री ने बताया कि भारतीय रेलवे लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है. पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है और 99.6 प्रतिशत रेल रूटों का इलेक्ट्रिफिकेशन पूरा हो चुका है. उन्होंने बताया कि अगले वर्ष बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने का लक्ष्य है. इसके अलावा रेलवे 12 हजार नए जनरल कोच तैयार कर रही है, जिनमें से 4 हजार कोच पहले ही ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं.
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी रथ यात्रा के दौरान 300 विशेष ट्रेनें और ओणम के अवसर पर 100 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सस्ती और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। नई रेल सेवाओं से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है.
About the Author
करीब 20 साल का पत्रकारिता का अनुभव है. नेटवर्क 18 से जुड़ने से पहले कई अखबारों के नेशनल ब्यूरो में काम कर चुके हैं. रेलवे, एविएशन, रोड ट्रांसपोर्ट और एग्रीकल्चर जैसी महत्वपूर्ण बीट्स पर रिपोर्टिंग की. कैंब्रिज…और पढ़ें