डीजीपी मुख्यालय ने 14 निरीक्षकों को डिप्टी एसपी के पद पर प्रोन्नत करने का आदेश जारी कर दिया है। इनकी प्रोन्नति के लिए बीती 24 मार्च को प्रयागराज स्थित उप्र लोक सेवा आयोग में विभागीय चयन समिति की बैठक में मुहर लगाई गई थी।
डीजीपी मुख्यालय में एडीजी प्रशासन प्रशांत कुमार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक वर्ष 2025-26 की जून माह की रिक्तियों के सापेक्ष नागरिक पुलिस के 13 निरीक्षकों और एक प्रतिसार निरीक्षक को डिप्टी एसपी के पद पर प्रोन्नत किया गया है। इनमें जसवीर सिंह सिरोही, धीरेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश सिंह, अमर नाथ वर्मा, प्रतिभा सिंह, रणविजय कुमार सिंह, अशोक कुमार सिंह, अनिल कुमार शाही, अनूप कुमार, राम अवतार, शिव कुमार चौहान, देव प्रकाश, राजेश कुमार वर्मा और प्रतिसार निरीक्षक चंद्र प्रकाश मिश्रा शामिल हैं। ये सभी दो वर्ष की अवधि तक परिवीक्षाधीन रहेंगे।
378 मुख्य आरक्षी बने उपनिरीक्षक
डीजीपी मुख्यालय ने नागरिक पुलिस के 240 मुख्य आरक्षियों को उपनिरीक्षक के पद पर प्रोन्नत करने का आदेश भी जारी कर दिया है। फिलहाल इन सभी को उनकी वर्तमान तैनाती के स्थान पर प्रोन्नत किया गया है। इसके अलावा 138 मुख्य आरक्षियों को इस शर्त के साथ उप निरीक्षक के पद पर प्रोन्नति दी गई कि रिक्ति नहीं होने पर उन्हें वापस मुख्य आरक्षी के पद पर वापस भेजा जाएगा। वहीं 28 मुख्य आरक्षियों के खिलाफ प्रचलित जांचों की वजह से उनको प्रोन्नति के लिए अनुपयुक्त पाया गया है, जबकि चार का लिफाफा बंद रखने का निर्णय लिया गया है।