मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के मझरिया ग्राम सभा के टोला जिगना निवासी दो युवकों की सोमवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा डिड़ई थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब दोनों युवक अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिट्टी देने बस्ती जिले के धोबह गांव जा रहे थे। दुर्घटना में दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बस्ती भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, मझरिया ग्राम सभा के टोला जिगना निवासी आरिफ (30) पुत्र अतिकुर रहमान और जीशान (16) पुत्र अब्दुल करीम सोमवार सुबह करीब छह बजे अपने घर से बाइक (यूपी 55 क्यू 1694) से निकले थे। डिड़ई थाना क्षेत्र में रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक (यूपी 55 एवाई 0472) से उनकी आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।