हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया सभागार (पीडब्ल्यूडी विभाग, राजभवन के सामने) में गुरुवार को माहेश्वरी समाज लखनऊ का वार्षिकोत्सव भव्यता और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। “जय महेश” के जयघोष और महेश वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में देशभर से आए समाज के पदाधिकारियों, गणमान्य अतिथियों और समाजजनों ने भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि संदीप काबरा (जोधपुर) तथा विशिष्ट अतिथि अजय काबरा (भदोही) रहे। समाज के अध्यक्ष गोविंद भुराड़िया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जबकि उपाध्यक्ष निखिल बल्दुआ ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब समाज के 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों को उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मधु महेश्वरी, माया महेश्वरी, कांता देवी बल्दुआ, रेनू सोमानी, राजमती दरगड़, अंजनी गट्टानी, जितेंद्र बल्दुआ, महेश प्रसाद चांडक एवं एम.पी. सोमानी शामिल रहे। सभी को शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। दिव्यांशु माहेश्वरी, देवांश महेश्वरी, गिनिशा जाजू, अदिति माहेश्वरी, राघव जाजू और देवयानी माहेश्वरी को उनकी उपलब्धियों के लिए ट्रॉफी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभावानों को भी सम्मानित किया गया। डॉ. राजीव महेश्वरी को सीनियर प्रोफेसर बनने, नित्य महेश्वरी को सीए परीक्षा उत्तीर्ण करने, राकेश मालपानी को विशेष सचिव (गृह) पद पर उल्लेखनीय कार्य, अंकित सोमानी को रेल मंत्रालय में योगदान तथा डॉ. तनु महेश्वरी को मेडिकल क्षेत्र में गोल्ड मेडल प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रश्न मंच, लकी ड्रॉ और मनोरंजक गतिविधियों ने भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। कार्यक्रम में लखीमपुर-खीरी, गोंडा, प्रयागराज, हरदोई, कानपुर, वाराणसी, रायबरेली, सीतापुर और बहराइच सहित विभिन्न जिलों से आए समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समारोह का समापन समाज के उज्ज्वल भविष्य और संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ हुआ।