अमेठी के कमरौली थाना क्षेत्र में रिसेप्शन पार्टी के दौरान हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती सहित पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, लाठी और बांस का डंडा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले क्षेत्र के एक गांव में आयोजित रिसेप्शन कार्यक्रम के दौरान डांस करते समय एक बच्चे की शर्ट फट जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मामूली कहासुनी देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए और संघर्ष के दौरान कई लोग घायल हो गए। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए ओमप्रकाश चौहान को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी.के. के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में कमरौली थाना प्रभारी मुकेश कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सहजराम (62), पारसनाथ (33), विष्णु (20), बालक लाल (29) तथा लक्ष्मी (18) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम पूरे मोलना मजरे बरसण्डा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया फरसा, लाठी और बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। कमरौली पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें जेल भेजा जाएगा। मामले में अन्य आवश्यक जांच भी जारी है।
Source link
अमेठी में रिसेप्शन हत्याकांड में युवती समेत 5 आरोपी गिरफ्तार:आरोपियों की निशानदेही पर फरसा, लाठी-डंडा बरामद