एटा जिले की अलीगंज थाना पुलिस ने गैवर असदुल्लाहपुर गांव में एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर तमंचा फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो बने, एक अधबना तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुधीर पुत्र नेकराम (42 वर्ष) निवासी गेबर असदुल्लाहपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो बने और एक अधबना 315 बोर का असलाह, एक जिंदा कारतूस, नौ खोखा कारतूस, नौ पेंदी वाले कारतूस, नौ तमंचे की नाल, आरी, रेती, बांक और हथौड़ी सहित अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, सुधीर पहले भी शस्त्र बनाने के आरोप में जेल जा चुका है। बीमारी के चलते उसने कुछ समय के लिए असलाह बनाना छोड़ दिया था, लेकिन हाल ही में उसने दोबारा यह काम शुरू कर दिया था। पुलिस को सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन आयुध’ के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार किए गए अवैध तमंचा तस्करों से पूछताछ के बाद अवैध शस्त्र निर्माण स्थलों का पता लगाया गया। पिछले 10 वर्षों में जेल भेजे गए अपराधियों का डेटा भी खंगाला गया। सभी थाना प्रभारियों को ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। अलीगंज थाना प्रभारी ने मुखबिरों की सूचना पर छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके घर से बने-अधबने असलाह व उपकरण बरामद किए।
Source link
एटा पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया:दो बने-एक अधबना तमंचा, मशीन और कारतूस बरामद