आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्वेश मिश्र सोमवार को बलिया पहुंचे। उनके पास दिल्ली से राज्यसभा सांसद संजय सिंह का एक पत्र था, जो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित था। यह पत्र निर्भया के पैतृक गांव मेड़वराकला की बदहाल सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लिखा गया है। उल्लेखनीय है कि 16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में हुए निर्भया कांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था। निर्भया बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र स्थित मेड़वराकला गांव की रहने वाली थी। इस घटना के बाद गांव में ‘दामिनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेड़वराकला’ नाम से एक अस्पताल भी बनाया गया था। तत्कालीन अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार ने गांव में कई विकास कार्य करवाए थे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गांव का दौरा भी किया था। हालांकि, गांव के छात्रों और छात्राओं का आरोप है कि वर्तमान में सुविधाओं के अभाव के कारण उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्वेश मिश्र ने बताया कि सांसद संजय सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि निर्भया के गांव जाने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है। सांसद ने पत्र में लिखा है कि अगर यूपी सरकार के पास सड़क बनवाने के लिए पर्याप्त धन नहीं है तो जनहित के कार्यों को कराने के लिए अन्य सांसदों से सहयोग से सड़क बनाने को तत्पर हूं। गांव की छात्राओं का आरोप है कि यदि कोई बीमार पड़ जाए तो जिला अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। बिजली के तार और खंभों की स्थिति भी ठीक नहीं है। दामिनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई डॉक्टर नहीं है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है।
Source link
निर्भया के गांव की सड़क बदहाल, आप ने उठाया मुद्दा:| बलिया में सांसद संजय सिंह ने सीएम योगी को लिखा पत्र