ललितपुर में रिटायर्ड टीचर ने सुसाइड नोट लिखकर जहरीला पदार्थ खाकर गुरुवार 9 जुलाई को आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार दोपहर एक बजे प्रदेश के रिटायर्ड डीजी एलवी एंटोनी देवकुमार सहित 6 लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। राजाराम गोस्वामी के पुत्र अनुराग गोस्वामी की शिकायत पर यह एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को परिजन और सौ से अधिक ग्रामीण तीन घंटे तक एसपी कार्यालय में डटे रहे। एफआईआर दर्ज होने के बाद ही परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए। अनुराग गोस्वामी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 9 जुलाई, गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे उनके पिता राजाराम गोस्वामी ने उन्हें फोन कर बताया कि यह उनकी आखिरी बात है। अनुराग तुरंत घर पहुंचे तो देखा कि पिता ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था और उन्हें उल्टियां हो रही थीं। अनुराग उन्हें इलाज के लिए बार अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में पिता ने अपनी जेब से तीन सुसाइड नोट निकालकर दिए और कहा कि इसमें सब लिखा है, जिसकी वजह से वे आत्महत्या करने पर मजबूर हुए हैं। पिता ने सुसाइड नोट में बताया कि वर्ष 2002 में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एलवी एंटोनी देवकुमार ने उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया था। साथ ही, उनके और गांव के अन्य लोगों के खिलाफ बार थाने में एक मुकदमा दर्ज कराया था। पिता ने कोर्ट के माध्यम से तत्कालीन एसपी एलवी देवकुमार व अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया था। सुसाइड नोट में लिखा है कि गांव के लोग पिता पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। सुसाइड नोट में गांव के गोकुल प्रसाद, कामता प्रसाद, देवेंद्र कुमार, गुलाब और छोटलाल पर भी मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। ये सभी चिंगलाओ गांव, थाना बार के निवासी हैं। नाजायज दबाव बनाकर पांच लाख रुपये की नाजायज मांग उसके सामने की गयी थी। पिता द्वारा मृत्यु से पूर्व अपनी मृत्यु कालिक कथन लिखित रूप में थानाध्यक्ष बार, पुलिस अधीक्षक ललितपुर को सम्बोधित कर लिखे गये थे जिसे प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न किया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने रिटायर्ड डीजी एलवी एंटोनी देवकुमा, गोकुल प्रसाद पुत्र अजुद्दी बरार, कामता प्रसाद पुत्र अजुद्दी, देवेन्द्र कुमार पुत्र विद्याधर तिवारी, गुलाब पुत्र गोकुल प्रसाद बरार, छोटलाल पुत्र खंजिया बरार के विरूद्व एफआईआर दर्ज कर ली गई।
Source link
ललितपुर में पूर्व DG पर एलवी एंटोनी पर FIR:रिटायर्ड टीचर ने सुसाइड लेटर में उकसाने का लगाया था आरोप, FIR के बाद अंतिम संस्कार