Last Updated:
Greater Noida ki local news : ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 सेक्टर की स्थिति बदहाल हो चुकी है. पिछले दो साल से सेक्टर की मुख्य सड़क और सर्विस लेन बदहाल हैं. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं. आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. पेयजल पाइपलाइन में दूषित पानी पहुंच रहा है. लोग बीमार पड़ रहे हैं. कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक हालात जस के तस हैं. अल्फा-2 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुभाष भाटी बताते हैं कि दूषित पानी भी पाइपलाइन से लोगों के घरों तक पहुंच रहा है. अल्फा-2 की सर्विस लेन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सागर तिवारी बताते हैं कि लंबे समय से सड़क खराब है. शिकायत के बाद भी अधिकारी आंख मूंदे हैं. सड़क पर एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं. इस मार्ग से हजारों लोग गुजरते हैं.
ग्रेटर नोएडा. दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 सेक्टर में रहने वाले लोगों का गुस्सा अब प्रशासन की कार्यशैली को लेकर खुलकर सामने आने लगा है. स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से सेक्टर की मुख्य सड़क और सर्विस लेन बदहाल स्थिति में हैं. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. पेयजल पाइपलाइन में दूषित पानी पहुंचने से लोगों के बीमार पड़ने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं. कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है. अल्फा-2 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष सुभाष भाटी बताते हैं कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है. सेक्टर में पानी की सप्लाई शुरू होने के साथ ही दूषित पानी भी पाइपलाइन के माध्यम से लोगों के घरों तक पहुंच रहा है. यही पानी स्थानीय लोग पीने के लिए मजबूर हैं, जिसके कारण कई लोग बीमार पड़ रहे हैं.
सुभाष भाटी बताते हैं कि सेक्टर की सड़कें भी बेहद खराब स्थिति में हैं. अल्फा-2 की सर्विस लेन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं. सर्विस लेन के सामने स्थित आई थंब गैलेरिया मॉल के कारण इस मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन रहता है, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है. उनका आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण लोगों को रोजाना परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है.
बाइक से गिर गई महिला
स्थानीय निवासी दीपक नागर कहते हैं कि अल्फा-2 के मुख्य गोलचक्कर के पास सड़क पिछले करीब दो वर्षों से टूटी हुई है. इस दौरान कई बार सड़क पर हादसे हो चुके हैं और अनेक लोग घायल हुए हैं. इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर एक से दो फीट तक गहरे गड्ढे बने हुए हैं. हाल ही में एक महिला बाइक सवार गड्ढे में फंसकर गिर गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. इसके बावजूद संबंधित विभाग ने सड़क की मरम्मत की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया.
करें तो करें क्या
सागर तिवारी बताते हैं कि लंबे समय से सड़क खराब पड़ी हुई है. अधिकारी इसे ठीक कराने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं. आए दिन कोई न कोई व्यक्ति सड़क पर गिरकर चोटिल हो जाता है या फिर दुर्घटना का शिकार हो जाता है, लेकिन इसके बाद भी सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया है. अब बारिश का मौसम शुरू होने वाला है. ऐसे में सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाएगा, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाएगा. इससे दुर्घटनाओं का खतरा और अधिक बढ़ जाएगा. दूषित पेयजल की समस्या भी बारिश के दौरान गंभीर रूप ले सकती है.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें