Last Updated:
Agra Latest News: आगरा में एक होटल के अंदर उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां ठहरे एक पर्यटक की गोली लगने से मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि मृतक पिछले एक महीने से होटल में रह रहा था और किसी निजी विवाद को लेकर तनाव में था.
होटल में युवक ने दी खुद की जान (सांकेतिक तस्वीर)
आगरा: यूपी के आगरा के ताजगंज क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक होटल में ठहरे एक पर्यटक ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
घटना ताजगंज थाना क्षेत्र के बसई इलाके की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी फरजान पिछले करीब एक महीने से इलाके के एक होटल में ठहरे हुए थे. शनिवार को वह होटल की छत पर गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
गोली चलने की तेज आवाज सुनकर होटल कर्मचारी और अन्य लोग छत की ओर दौड़े. वहां फरजान को गंभीर हालत में पड़ा देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को कुछ ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी निजी या पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, प्रॉपर्टी विवाद भी इस घटना की एक संभावित वजह हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस होटल के कर्मचारियों, परिचितों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है. साथ ही होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस अचानक हुई मौत से हैरान हैं.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें