कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र में एक महिला ने नया बिजली कनेक्शन न मिलने की शिकायत जिलाधिकारी से की है। महिला का आरोप है कि आवेदन करने के बावजूद अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया, जिससे परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच महिला की कक्षा 6 में पढ़ने वाली बेटी का जिलाधिकारी से मदद की अपील वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वहीं, आसमां खान की बेटी, जो कक्षा 6 की छात्रा है, ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बिजली कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई है। छात्रा ने वीडियो में कहा, “डीएम अंकल, मैं एक सैनिक की बेटी हूं। मेरे पिता वर्तमान में लद्दाख में देश की सेवा कर रहे हैं। हमारा घर कानपुर देहात के अकबरपुर में, डीएम आवास के काफी पास है, लेकिन आज तक हमारे घर में बिजली का कनेक्शन नहीं हुआ है।” छात्रा ने आगे कहा, “भीषण गर्मी में बिजली न होने से मैं और मेरे भाई-बहन बहुत परेशान हैं। गर्मी के कारण पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। रात में ठीक से पढ़ नहीं पाते और न ही आराम से सो पाते हैं। डीएम अंकल, कृपया हमारी समस्या को समझिए और जल्द से जल्द हमारे घर बिजली की व्यवस्था कराइए। आपकी मदद से हमें बहुत राहत मिलेगी।” अकबरपुर के कृष्णा नगर निवासी आसमां खान ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 24 अप्रैल 2026 को नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। उनका आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने निर्धारित शुल्क से अधिक राशि की मांग की, जिसके कारण अब तक कनेक्शन नहीं मिल सका। बोलीं- बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित आसमां खान ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और एकमुश्त अधिक रकम जमा करना उनके लिए संभव नहीं है। उनके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जबकि घर की पूरी जिम्मेदारी उन पर है। उन्होंने कहा कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और भीषण गर्मी में परिवार को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घर के पास ही लगा है बिजली का खंभा महिला ने शिकायत में बताया कि उनके घर के पास ही बिजली का खंभा लगा हुआ है, इसलिए तकनीकी रूप से कनेक्शन देने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि नियमानुसार जो भी वास्तविक शुल्क बनता हो, उसी के आधार पर नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।
Source link
डीएम अंकल, हमारे घर भी बिजली दिलवा दीजिए:सैनिक की बेटी ने वीडियो जारी कर कहा- आवेदन के बाद भी नहीं मिला नया बिजली कनेक्शन