राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष और दर्जा प्राप्त केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने महोबा दौरे के दौरान राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर सख्त रुख अपनाया. उन्होंने साफ कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि मामले की एसआईटी जांच कर रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
महोबा के टूरिस्ट बंगले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा, “राम मंदिर करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का केंद्र है. इस मामले में एसआईटी जांच कर रही है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी.” उन्होंने इस मुद्दे पर साफ संदेश देते हुए कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती.
‘सुरंगजीवी अब बाहर आने को मजबूर…’, राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर RSS के बयान के भड़के अखिलेश यादव
पहली बार महोबा पहुंचीं, फलों से हुआ तुलादान
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनने के बाद साध्वी निरंजन ज्योति पहली बार महोबा पहुंचीं. यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और फलों से उनका भव्य तुलादान किया. स्वागत से अभिभूत साध्वी निरंजन ज्योति ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उन्हें दबे-कुचले और ओबीसी समाज के हक की आवाज बुलंद करने की जिम्मेदारी दी है, जिसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी.
कबरई-कानपुर एक्सप्रेसवे को बताया बड़ी सौगात
साध्वी निरंजन ज्योति ने बुंदेलखंड के लिए कबरई-कानपुर एक्सप्रेसवे को बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने इस सड़क के लिए आंदोलन भी किए थे.
उनका कहना था कि यह इलाका खनन का प्रमुख केंद्र है, इसलिए बेहतर सड़क बनने से हादसों में कमी आएगी और कानपुर से भोपाल तक का सफर भी आसान होगा. इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार भी जताया.
अखिलेश-ब्रजेश पाठक की मुलाकात पर भी दिया जवाब
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के अस्पताल में साथ दिखने वाले वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा, “कोई बीमार हो तो स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते किसी से भी मिलने जाना स्वाभाविक है.”
वहीं आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत है और वही तय करेगी कि देश और प्रदेश की कमान किसके हाथ में होगी.