देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार सुबह आठ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तरकुलवा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा टीकाकरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण में आठ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद थे, लेकिन आठ कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता को निर्देश दिया कि अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए और सभी कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अस्पताल में जांच के लिए आई एक गर्भवती महिला का मातृ-शिशु कार्ड स्वयं जांचा। उन्होंने महिला की शुगर और ब्लड जांच भी कराई। संबंधित आशा कार्यकर्ता को निर्देश दिया गया कि सभी जांच संबंधी आंकड़े मातृ-शिशु कार्ड में अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठकों में सक्रिय रखा जाए। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारियों और अन्य संबंधित कर्मचारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शत-प्रतिशत पूरा करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र और अस्पताल परिसर का भी जायजा लिया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं हर हाल में सुनिश्चित की जानी चाहिए। अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।
Source link
देवरिया में DM ने किया CHC तरकुलवा का औचक निरीक्षण:आठ कर्मचारी अनुपस्थित मिले, कार्रवाई के दिए निर्देश