पीलीभीत में बहुचर्चित व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी सर्वजीत सिंह को पुलिस ने शनिवार को एक मुठभेड़ में मार गिराया। यह घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास हुई। पुलिस के अनुसार, लखीमपुर खीरी के उचकिया निवासी सर्वजीत सिंह इस हत्याकांड का मुख्य शूटर था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सर्वजीत अपने एक साथी के साथ शीतलपुर गांव के पास छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, तो आरोपियों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें सर्वजीत के सीने में दो गोलियां लगीं। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में बिलसंडा थानाध्यक्ष जगदीप मलिक बाल-बाल बचे; एक गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट में जा लगी। वहीं, एसओजी के एक दरोगा और थाने का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा मामला बीते 28 मई का है। बिलसंडा थाना क्षेत्र में व्यापारी पंकज कटियार को धमकाने के लिए उनके ससुराल पक्ष ने कुछ किराए के शूटर भेजे थे। पंकज की दुकान के बाहर बदमाशों का विवाद चल रहा था, जिसे देख पड़ोसी व्यापारी पप्पू गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने पप्पू गुप्ता पर फायरिंग कर दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। अब तक 8 गिरफ्तार, लापरवाही पर नपे थे अफसर थाने के बिल्कुल नजदीक हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) सुकीर्ति माधव मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया था। लापरवाही बरतने के आरोप में पहले एक चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों को निलंबित किया गया, जिसके बाद तत्कालीन थाना अध्यक्ष सिद्धांत शर्मा को भी लाइन हाजिर कर दिया गया था। पुलिस इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
Source link
पीलीभीत में पप्पू गुप्ता हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में ढ़ेर:सीने में लगी दो गोलियां, एक दरोगा और एक सिपाही घायल