Last Updated:
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग भरभराकर गिर गई. इस के मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. दुर्घटना के वक्त पूरी बिल्डिंग परिसर में कुल 28 लोग मौजूद थे, जबकि जिस हिस्से की स्लैब गिरी, वहां 10 से 11 मजदूर काम कर रहे थे. घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं.
अंडर-कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग गिरने से एक मजदूर की मौत.
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ एक निर्माणाधीन कमर्शियल बिल्डिंग गिरने से एक मजूदर की मौत हो गई. मलबे के नीचे कई मजदूरों के दबे होने के कारण मौके पर चीख-पुकार मच गई. जिला प्रशासन से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में अब तक एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो चुकी है. बाराबंकी के जिलाधिकारी (DM) ईशान प्रताप सिंह ने इस मौत की आधिकारिक पुष्टि की है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हैदरगढ़ कस्बे में इस बिल्डिंग का निर्माण कार्य पिछले कुछ समय से तेजी से चल रहा था. आज जब मजदूर रोजाना की तरह काम में जुटे थे, तभी अचानक एक जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और बिल्डिंग की शटरिंग के साथ-साथ कंक्रीट की भारी-भरकम स्लैब नीचे आ गिरी. हादसा इतना अचानक हुआ कि काम कर रहे मजदूरों को भागने तक का मौका नहीं मिला.
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, जिस समय यह दर्दनाक हादसा हुआ, उस वक्त पूरी बिल्डिंग के परिसर में कुल 28 लोग मौजूद थे. राहत की बात यह रही कि सभी लोग सीधे मलबे की चपेट में नहीं आए, लेकिन जिस विशेष हिस्से की स्लैब और शटरिंग अचानक नीचे गिरी, ठीक उसी स्थान पर 10 से 11 मजदूर काम कर रहे थे. ये सभी मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिन्हें निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
डीएम ईशान प्रताप सिंह ने संभाली कमान, राहत कार्य तेज
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गईं. जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह खुद पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि मलबे से लोगों को बाहर निकालने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है. मलबे के नीचे से निकाले गए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी हुई है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने लिया संज्ञान
हैदरगढ़ हादसे की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस पर गहरा दुख व्यक्त किया है. शासन द्वारा स्थानीय प्रशासन को तत्काल प्रभाव से राहत और बचाव कार्य तेज करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अस्पताल में भर्ती सभी घायलों को बिना किसी देरी के समुचित और उच्च स्तरीय मुफ्त इलाज मुहैया कराएं.
सरकार की ओर से जारी संदेश में कहा गया है, ‘जनपद बाराबंकी के हैदरगढ़ में निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिरने से हुए हादसे में कई लोगों के घायल होने की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई है. स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को घायलों के समुचित इलाज हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि हादसे में घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’
फिलहाल मौके पर स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से मलबे को हटाने का काम जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और मजदूर मलबे के भीतर फंसा न रह जाए. इस हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और शटरिंग के मानकों को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं, जिसकी जांच प्रशासन आने वाले दिनों में कर सकता है.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें