उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट का दावा किया है. वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि संसद के आगामी मानसून सत्र में समाजवादी पार्टी से जुड़े कई सांसद एनडीए में शामिल होंगे, सपा के कई सांसद उनके संपर्क में भी हैं और बलिया से इसकी शुरुआत होगी.
इसके अलावा ओम प्रकाश राजभर का दावा है कि इस मानसून सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक से जुड़ा बिल पास कराया जाएगा. अयोध्या चढ़ावे मामले को लेकर ओमप्रकाश राजभर का कहना है कि इस मामले में जांच जारी है जिन पार्टियों के लोग इस समय अयोध्या में दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं वह राजनीति कर रहे हैं.
जब 10 दिन पहले गए थे तो अब क्यों ?
एबीपी न्यूज़ से बातचीत के दौरान मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अयोध्या चढ़ावे मामले को लेकर जांच जारी है, प्रारंभिक तौर पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है. कांग्रेस नेता अजय राय जब 10 दिन पहले दर्शन करने के लिए गए थे तो उससे पहले वह कितने दिन पहले दर्शन करने पहुंचे थे यह जानना जरूरी है. इस समय वह दर्शन करने नहीं नेतागिरी करने जा रहे हैं और इस समय जो पार्टियां भी अयोध्या जा रही हैं वह राजनीति गर्माने के लिए जा रही हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी कांग्रेस चीफ अजय राय ने अयोध्या में किए रामलला के दर्शन, दिनभर थे नजरबंद
बृजेश सिंह जब संपर्क करेंगे तो देखा जाएगा
पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह के चुनाव लड़ने वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अभी उनकी कोई बातचीत नहीं हुई है. लेकिन अगर उनकी तरफ से टिकट मांगा जाएगा तो इस पर विचार किया जाएगा. भारतीय समाज पार्टी टिकाऊ नेता पैदा करती है, सुनते जाइए समझते जाइए हमारे पास बहुत लोग आए और चले गए. घोसी के सांसद राजीव राय और अपने बेटे अरविंद राजभर के बीच जुबानी जंग को लेकर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि यादव जी लोगों ने उन्हें वोट देकर सांसद बनाया और यादव जी लोगों की जमीन वह कब्जा कर रहे हैं ,रोज बयान दे रहे हैं. आप सांसद हैं तो कुछ भी करेंगे.