रामपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में सोमवार शाम करीब 4:30 बजे इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल को बंद कराया है। वहीं, आरोपित डॉक्टर फरार बताया जा रहा है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4:30 बजे सोनी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान शाम करीब 6:30 बजे उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर रात करीब 8:30 बजे गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे जिला अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि देर शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट संबंधित विभागों को प्राप्त नहीं हो सकी थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि संबंधित निजी अस्पताल पंजीकृत है, लेकिन घटना के बाद एहतियातन उसे बंद करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद चिकित्सकीय तथ्यों की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मृतक के पति जुनेद ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही और ओवरडोज दवा देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उनका कहना है कि उनकी पत्नी पुराने ऑपरेशन के टांकों में हुए संक्रमण का इलाज कराने अस्पताल गई थीं, लेकिन इलाज के दौरान ओवरडोज दवा दिए जाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। जुनेद ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं। गंज थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link
रामपुर में इलाज के दौरान महिला की मौत:निजी अस्पताल सील, डॉक्टर फरार; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार