ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर हरदोई पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। 25 मई 2026 को थाना मल्लावां के बेरिया घाट और थाना बिलग्राम के राजघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर स्नान, पूजा-अर्चना और मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह तैनाती श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सुगम आवाजाही बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। श्रद्धालुओं की भीड़ और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरदोई पुलिस ने हरदोई-कन्नौज मार्ग पर भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह डायवर्जन 24 मई 2026 की शाम 4 बजे से लागू होगा और 25 मई को पर्व की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान ट्रक, डम्पर, टैंकर, डीसीएम और अन्य मालवाहक वाहनों की आवाजाही निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर इन वाहनों को रोका भी जाएगा। जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, कन्नौज से हरदोई आने वाले भारी वाहन अब बिल्हौर होते हुए बांगरमऊ के रास्ते बिलग्राम और मल्लावां होकर हरदोई पहुंचेंगे। इसी तरह, हरदोई से कन्नौज जाने वाले भारी वाहनों को मल्लावां से बिल्हौर की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जो बांगरमऊ के रास्ते आगे बढ़ेंगे। हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा ने लोगों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि गंगा दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
Source link
हरदोई में गंगा दशहरा को लेकर घाटों पर सुरक्षा बढ़ी:हरदोई-कन्नौज मार्ग पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू