मेजा के कुकुरकटवा गांव में हुए ट्रिपल मर्डर के आरोपियों पर प्रयागराज पुलिस ने रिकॉर्ड समय में कार्रवाई की है। तीन लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने महज सात दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी और वारदात के दसवें दिन चार आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा दिया।
प्रयागराज में यह संभवतः पहला मामला है, जिसमें किसी हत्या के मुकदमे में इतनी तेजी से पहले चार्जशीट और फिर गैंगस्टर की कार्रवाई हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए इस केस को प्राथमिकता पर लिया गया था। 15 जून को हुई थी वारदात
कुकुरकटवा गांव में 15 जून की रात बुजुर्ग श्यामलाल गुप्ता, अमरावती और इंद्रावती की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। अगले दिन सुबह गांव वालों को वारदात की जानकारी हुई तो इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस ने जांच शुरू की तो प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विरोध का एंगल सामने आया। इसके बाद 17 जून को मुख्य आरोपी हिमांशु यादव समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 22 जून को दाखिल हुई चार्जशीट
हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट, आरोपियों के बयान, इलेक्ट्रॉनिक सबूत और अन्य दस्तावेजों के आधार पर रिकॉर्ड समय में विवेचना पूरी की।
वारदात के सिर्फ सात दिन बाद, 22 जून को सभी पांच आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी गई। इनमें एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है। चार पर गैंगस्टर, नाबालिग बाहर
चार्जशीट दाखिल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी हिमांशु यादव, उसके भाई अंकित यादव, साथी निहाल गौतम और ग्राम प्रधान गुड्डू यादव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाने की संस्तुति भेजी।
पुलिस कमिश्नर की मंजूरी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को चारों आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर दी गई।
मामले के पांचवें आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई नहीं की गई। उसे पहले ही किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर राजकीय संप्रेषण गृह में भेजा जा चुका है।
पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
आमतौर पर हत्या जैसे गंभीर मुकदमों में चार्जशीट दाखिल होने में कई हफ्ते या कई बार महीनों का समय लग जाता है। लेकिन इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तारी, विवेचना, चार्जशीट और गैंगस्टर की कार्रवाई को रिकॉर्ड समय में पूरा कर दिया। कहा यह भी जा रहा है कि यह कार्रवाई जघन्य अपराध के मामलों में न सिर्फ प्रयागराज बल्कि पूरे प्रदेश में नजीर बनेगी।
Source link
हफ्ते भर में चार्जशीट, 10 दिन में गैंगस्टर:प्रयागराज ट्रिपल मर्डर में पुलिस का तगड़ा एक्शन, रिकॉर्ड समय में कार्रवाई नजीर बनी