राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार आठ आरोपियों के पास से दान पात्र से चोरी हुए लगभग 79.85 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। शुक्रवार की शाम 4.00 बजे सभी आठ आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
चढ़ावा चोरी का मामला छह जून को सामने आया था। ट्रस्ट की मांग पर 13 जून को जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी ने 23 जून को गृह विभाग को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी, जिसमें एफआईआर दर्ज करने समेत कई अहम सिफारिशें की गई थीं। इसके बाद बृहस्पतिवार को चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव, गणना प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्रा के खिलाफ अयोध्या के राम जन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।