शामली के कांधला थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मेहताब उर्फ बेचैन मारा गया. इस दौरान पुलिस के एक दरोगा भी गोली लगने से घायल हो गए. घायल दरोगा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस के मुताबिक, मारा गया बदमाश कुख्यात मुकीम उर्फ काला गैंग का सक्रिय सदस्य था और उसके खिलाफ करीब 3 दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे.
पुलिस के अनुसार, बाबरी और आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के बीच सूचना मिली थी कि दो बदमाश एक युवक के साथ वारदात कर बाइक से फरार हो रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी. खुद को घिरता देख दोनों बदमाश कांधला थाना क्षेत्र के खंद्रावली के जंगल की ओर भाग निकले. इसी दौरान कांधला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
पुलिस ने जब बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मेहताब उर्फ बेचैन को लगी, जबकि उसका एक साथी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया.
मुठभेड़ के दौरान दरोगा दीपचंद भी गोली लगने से घायल हो गए. दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मेहताब की मौत हो गई.
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने एनकाउंटर स्थल से एक देसी कारबाइन, एक पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस व खोखे बरामद किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि फरार बदमाश की तलाश के लिए जंगल और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
वाराणसी में बीजेपी का OBC वर्ग पर खास फोकस, नई टीम में दिए तीनों अहम पद
पुलिस का कहना है कि मेहताब पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था. अब उसके फरार साथी को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.