हापुड़ जिले में ‘स्कूल चलो’ अभियान के दूसरे चरण का बुधवार को शुभारंभ हुआ। बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने गांव गोयना स्थित कंपोजिट विद्यालय से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों का नामांकन बढ़ाना और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजना है। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा। रैली में बच्चों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने गांव की गलियों में घूमकर अभिभावकों को जागरूक किया। बच्चों ने “बस्ता उठाओ… स्कूल आओ” और “हर बच्चा स्कूल जाएगा, अपना भविष्य खुद बनाएगा” जैसे नारों के माध्यम से शिक्षा का संदेश दिया।अभियान के तहत उन बच्चों को चिन्हित किया जा रहा है जो अभी तक विद्यालय से बाहर हैं, ताकि उनका नामांकन कराया जा सके। साथ ही, पढ़ाई छोड़ चुके (ड्रॉपआउट) बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। BSA दीपा भाटी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बारे में जानकारी दें। विद्यालयों से जागरूकता रैलियां निकाली उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और सभी के सहयोग से शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा।अभियान के दूसरे चरण के तहत बुधवार को भी जिले के विभिन्न विकासखंडों के परिषदीय विद्यालयों से जागरूकता रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने लोगों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने का आह्वान किया। शिक्षा विभाग ने बताया कि इस दौरान नामांकन बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
Source link
बच्चों ने लगाए नारे, बस्ता उठाओ… स्कूल आओ:हापुड़ में BSA ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना