चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत महोबा में एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। खरेला थाना क्षेत्र के संकट मोचन मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके एस्कॉर्ट वाहन को टक्कर मार दी। इस घटना में विधायक के सरकारी गनर, प्राइवेट गार्ड और ड्राइवर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि हुआ। जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। उनकी कार आगे चल रही थी, जबकि उनके ठीक पीछे सरकारी गनर और प्राइवेट गार्ड्स का स्कॉर्पियो एस्कॉर्ट वाहन था। संकट मोचन मंदिर के पास सामने से आ रहे केला लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी ओर बढ़ना शुरू कर दिया। ट्रक को सीधे अपनी ओर आता देख विधायक की कार के ड्राइवर रविकांत मिश्रा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को सड़क से नीचे उतार दिया। इससे विधायक की गाड़ी सुरक्षित बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, अनियंत्रित ट्रक ने विधायक की कार के पीछे आ रही स्कॉर्पियो एस्कॉर्ट गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में सरकारी गनर श्याम सिंह, प्राइवेट गार्ड किशनपाल और ड्राइवर जितेंद्र चोटिल हुए हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर के बाद आरोपी ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया, जिससे एस्कॉर्ट गाड़ी कुछ दूर तक घिसटती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही खरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link
महोबा में विधायक बृजभूषण राजपूत का एस्कॉर्ट वाहन दुर्घटनाग्रस्त:ड्राइवर की सूझबूझ से बची विधायक की जान, गनर समेत 3 घायल