नई दिल्ली. अगर आप एक साथ गंगासागर, भगवान जगन्नाथ, काशी विश्वनाथ और बैद्यनाथ धाम जैसे प्रमुख तीर्थों के दर्शन करना चाहते हैं. ऐसे श्रद्धालुओं के लिए इंडियन रेलवे टूरिज्म एंड कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) आपके लिए खास मौका लेकर आया है. भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से ‘डिवाइन ईस्ट टेंपल टूर’ की शुरुआत की है. यह पूरा टूर 11 दिन का होगा, जिसमें पूर्वी भारत के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सैर शामिल होगी.
आईआरसीटीसी के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन 25 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और 5 अक्टूबर को वापस दिल्ली वापस आएगी. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ कई ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की भी सैर कराई जाएगी.
इन धार्मिक स्थलों का होगा भ्रमण
यात्रा का पहला पड़ाव वाराणसी होगा, जहां श्रद्धालु काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन और गंगा आरती का अवसर मिलेगा. इसके बाद ट्रेन पुरी जाएगी, जहां भगवान जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कराए जाएंगे. ओडिशा भ्रमण के दौरान यात्रियों को कोणार्क सूर्य मंदिर, चिलिका झील, भुवनेश्वर, धौली शांति स्तूप, उदयगिरि और खंडगिरि गुफाएं भी दिखाई जाएंगी.
ऐतिहासिक स्थलों की सैर भी शामिल
इसके बाद स्पेशल ट्रेन कोलकाता पहुंचेगी. यहां पर्यटक विक्टोरिया मेमोरियल, हुगली नदी में सनसेट क्रूज, हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु का भ्रमण करेंगे. साथ ही, कालीघाट मंदिर, दक्षिणेश्वर काली मंदिर और बेलूर मठ भी जाएंगे. इस यात्रा का सबसे खास आकर्षण गंगासागर रहेगा, जहां श्रद्धालु सागर संगम में स्नान करने के साथ कपिल मुनि मंदिर में दर्शन कर सकेंगे.
झारखंड होगा अंतिम पड़ाव
यात्रा का अंतिम धार्मिक पड़ाव झारखंड के देवघर स्थित बैद्यनाथ धाम होगा, जो भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है. दर्शन के बाद ट्रेन वापस दिल्ली पहुंचेगी.
पैकेज में ये सब है शामिल
आईआरसीटीसी के अनुसार यह पैकेज पूरी तरह ऑल-इनक्लूसिव है. इसमें ट्रेन यात्रा, तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, एसी वाहनों से स्थानीय लोकल भ्रामण, ट्रैवल इंश्योरेंस और आईआरसीटीसी के टूर मैनेजर की सर्विस शामिल हैं. ट्रेन में एसी फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड क्लास के कोच होंगे. साथ ही ऑनबोर्ड रेस्तरां भी उपलब्ध रहेगा.
अब करते हैं किराए की बात
इस यात्रा का किराया एसी फर्स्ट क्लास के लिए 1,13,530 रुपये, एसी सेकेंड के लिए 1,06,145 रुपये और एसी थर्ड के लिए 91,370 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है. यात्री आईआरसीटीसी के पर्यटन पोर्टल या देशभर के अधिकृत पर्यटन कार्यालयों के माध्यम से अपनी सीट बुक करा सकते हैं. बुकिंग शुरू हो चुकी है.