Last Updated:
Lucknow Aliganj Coaching Fire News: उत्तर प्रदेश में लखनऊ के अलीगंज इलाके में एक इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत के मामले की जांच के लिए गठित दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) ने मंगलवार को घटनास्थल का दौर…और पढ़ें
आग फैलने के बाद इस बिल्डिंग में लोगों के बचने की गुंजाइश बहुत कम थी.
लखनऊ अग्निकांड लाइवः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में भीषण अग्निकांड के बाद एक्शन का दौर लगातार जारी है. इसी कड़ी में जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, उसपर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है और इसके लिए एलडीए ने निर्माणकर्ता के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया है. अलीगंज में अवैध रूप से निर्मित जिस बिल्डिंग में अग्निकांड हुआ, उसे ध्वस्त किया जाएगा. लखनऊ विकास प्राधिकरण ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रवर्तन जोन-4 द्वारा अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित भूखंड संख्या एम.एस.-102 के स्वामियों वीरेन्द्र शुक्ला, सुरेन्द्र शुक्ला एवं अन्य के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है.
Lucknow Fire News Live: लखनऊ यूनिवर्सिटी में होगा फायर ऑडिट
लखनऊ विश्वविद्यालय में होगा पूरे परिसर का फायर ऑडिट. अलीगंज अग्निकांड के बाद बढ़ाई जाएगी सुरक्षा. विभागों, लैब, हॉस्टल और लाइब्रेरी की होगी सुरक्षा जांच. फायर ऑडिट रिपोर्ट उत्तर प्रदेश शासन को भेजी जाएगी. शासन के निर्देशों के अनुसार किए जाएंगे आवश्यक सुधार. अग्निशामक यंत्रों की स्थिति और संख्या का लिया जा रहा है ब्यौरा. संबद्ध महाविद्यालयों को भी फायर ऑडिट कराने के निर्देश. सभी कॉलेजों को दिशा-निर्देशों के साथ जारी किया जा रहा पत्र. सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त. सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करेगा विश्वविद्यालय.
Lucknow Coaching Centre Fire Live: लखनऊ अग्निकांड को सीएम योगी ने बताया सबक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण आग हादसे को प्रदेश के लिए एक ‘बड़ा सबक’ बताते हुए कहा कि इस पीड़ादायक घटना से सीख लेते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा ना हो. मुख्यमंत्री ने मंगलवार को वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कहा कि सोमवार को हुआ भीषण हादसा प्रदेश के लिये एक बड़ा सबक है और इससे सीख ली जानी चाहिये ताकि भविष्य में ऐसा फिर कभी ना हो. उन्होंने कहा कि इसके लिए शासन, प्रशासन और आमजन को मिलकर अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना होगा. उन्होंने प्रदेश में मिशन मोड में व्यापक अग्निशमन उपायों के ऑडिट का अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों में अस्पतालों, नर्सिंग होम, मेडिकल कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, सरकारी भवनों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करके आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए.
Lucknow Coaching Mein Aag Live: 100 से अधिक कोचिंग संस्थान हुए सील
लखनऊ में एक इमारत में आग लगने से झुलसकर 15 लोगों की मौत की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरे उत्तर प्रदेश में कोचिंग संस्थानों की जांच के लिए महाअभियान शुरू किया गया. इस दौरान पूरे राज्य में प्रशासन, विकास प्राधिकरणों और अग्निशमन सेवाओं की संयुक्त टीमों ने निरीक्षण अभियान चलाकर 100 से अधिक संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की. राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार अधिकारियों ने संयुक्त टीम बनाकर कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी का निरीक्षण किया. बयान के अनुसार लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, आगरा समेत विभिन्न शहरों के अलावा दूसरे शहरों में भी यह कार्रवाई की गई और इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर 100 से अधिक कोचिंग संस्थाओं के खिलाफ कदम उठाए गए.
Lucknow Coaching Fire News Live: एलडीए ने बिल्डिंग मालिकों से 15 दिन के अंदर मांगा जवाब
एलडीए ने अग्निकांड वाली बिल्डिंग पर चस्पा किया नोटिस. नोटिस में खामियों का जवाब नहीं देने पर बुल्डोजर कार्रवाई के लिए लिखा गया. नोटिस में लिखा है, “अगर LDA को संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो बुलडोज़र का इस्तेमाल करके इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की जाएगी.” 22 जून को अलीगंज में कोचिंग इंस्टीट्यूट में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी. इस नोटिस के ज़रिए, LDA ने बिल्डिंग मालिकों से 15 दिनों के अंदर जवाब मांगा.
Lucknow Coaching Centre Fire: एलडीए ने बिल्डिंग के बाहर चस्पाया नोटिस
LDA ने अपने नोटिस में जवाब तलब किया गया है कि संबंधित भवन का मानचित्र आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत था. जबकि मौके पर उसका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था. साथ ही स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण संबंधी विचलन भी पाए गए हैं. इस संबंध में उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27(1) के अंतर्गत कार्रवाई प्रारंभ की गई है. एलडीए ने भवन स्वामियों को निर्देशित किया है कि वे 15 दिन में सक्षम प्राधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें. संतोषजनक उत्तर एवं साक्ष्य न मिलने की स्थिति में ध्वस्तीकरण सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.